रोडवेज ने अपनी अरबों रुपये की नीलामी का प्रस्ताव शासन को भेजा
इंदौर
मालवा मिल और पाटनीपुरा के बीच मध्यप्रदेश सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की अरबों रुपये की जमीन नीलामी का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। इस प्रस्ताव की मंजूरी के बाद निगम की जमीन पर कब्जा करके बनाई गई दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दुकानों को हटाने से पहले निगम की जमीन पर ही अंदर एक काम्प्लेक्स बनाकर इन्हीं दुकानदारों को आवंटित की जाएंगी। इसका लेआउट और प्लान बनाने की जिम्मेदारी आइडीए को सौंपी गई है।
मालवा मिल और पाटनीपुरा के बीच यह जमीन करीब तीन लाख वर्गफीट है। बाजार मूल्य के अनुसार इसकी कीमत लगभग 200 करोड़ रुपये मानी जा रही है। मालवा मिल की यह जमीन सड़क परिवहन निगम ने वर्षों पहले खरीदी थी। इस जमीन पर निगम ने बस डिपो बनाया था। निगम की बसों का संचालन बंद होने के बाद यहां अतिक्रमण हो गया और करीब 70 दुकानों का निर्माण हो गया। अब इन दुकानदारों को विस्थापित कर जमीन खाली कराई जाएगी और लाेक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग द्वारा इस जमीन को नीलाम करने की कार्रवाई की जाएगी। लंबे समय से जमे दुकानदारों को हटाने के लिए शासन ने विस्थापन की योजना भी बनाई है।

पाठको की राय