Tuesday, October 20th, 2026

सड़क हादसे :एसएएफ के कंपनी कमांडर और एसआइ के बेटों की मौत

इंदौर
 परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बाइक सवार दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों युवक बुलैट मोटर साइकिल से जा रहे थे कि तभी उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई और हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक मृतकों में एक विशेष सशस्त्र पुलिस बल (एसएएफ) के कंपनी कमांडर का बेटा है। मामले में परदेशीपुरा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परदेशीपुरा एसीपी भूपेंद्रसिंह के मुताबिक घटना परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित एमआर-4 की है। पुलिस रात्रि गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि बुलैट सवार दो युवक डिवाइडर से टकराने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें एमवाय अस्पताल में रैफर कर दिया गया है।

अस्पताल पहुंचते ही हो गई मौत
घटना का पता लगते ही पुलिस अधिकारी एमवाय अस्पताल पहुंच गए। लेकिन, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। एसीपी के मुताबिक मृतकों की पहचान मयंक तोमर पुत्र रेवसिंह तोमर और मयंक पुत्र बाबलिया अजनारे के रूप में हुई है। रेवसिंह तोमर विशेष सशस्त्र बल 15वीं बटालियन में कंपनी कमांडर हैं, तो बाबलिया भी एसआइ पद पर हैं। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

 

#सड़क हादसे

Source : Agency

पाठको की राय