Monday, October 19th, 2026

RLD चीफ जयंत चौधरी यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे

 नई दिल्ली

समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रहे राष्ट्रीय लोक दल के चीफ जयंत चौधरी यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। चौधरी ने शुक्रवार को आरएलडी की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक के दौरान यह ऐलान किया। जयंत चौधरी ने यह ऐलान ऐसे समय में किया है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा मुखिया अखिलेश यादव दोनों ही कह चुके हैं कि वे पार्टी की बताई सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

ईटी की खबर के मुताबिक, एक वरिष्ठ आरएलडी नेता ने इसकी जानकारी दी कि जयंत चौधरी आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इससे पहले जयंत चौधरी ने शुक्रवार को सपा के साथ गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया था। इससे एक दिन पहले ही जयंत चौधरी अखिलेश यादव से मिलने लखनऊ भी गए थे। गोंडा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मीडिया को बताया था कि दोनों पार्टियों के बीच बातचीत हो चुकी है।

जयंत चौधरी के करीबी एक नेता ने बताया कि पार्टी पश्चिमी यूपी के जिलों की 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इनमें गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और बागपत शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, समाजवादी पार्टी के आठ नेता आरएलडी के चुनाव चिह्न पर लड़ेंगे। आरएलडी की मीटिंग में यह भी तय हुआ कि पूर्व पार्टी प्रमुख अजित सिंह की जयंती के मौके पर 15 जनवरी से 12 फरवरी के बीच 'गांव-गली दस्तक' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
 
बता दें कि योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव की तरह ही जयंत चौधरी ने भी कभी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है। सूत्रों के मुताबिक, यदि आरएलडी और सपा का गठबंधन यूपी चुनाव में जीत जाता है तो भी जयंत चौधरी कोई बड़ी भूमिका की मांग नहीं करेंगे क्योंकि पार्टी राज्यसभा में अहम भूमिका की मांग रख सकती है।

 

#RLD

Source : Agency

पाठको की राय