Sunday, October 25th, 2026

बिहार की हाइप्रोफाइल पाटलिपुत्र संसदीय सीट से RJD ने BJP से छीनी, मीसा भारती ने राम कृपाल यादव को किया पराजित

पटना
बिहार की हाइप्रोफाइल पाटलिपुत्र संसदीय सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रत्याशी राज्यसभा सांसद मीसा भारती (Misa Bharti) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम कृपाल यादव (Ram Kripal Yadav) को 85 हजार 174 मतों के अंतर से पराजित किया।

मीसा भारती को मिले 613283 मत
चुनाव आयोग के अनुसार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की पुत्री मीसा भारती को 613283 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्धंदी पूर्व केन्द्रीय मंत्री भाजपा प्रत्याशी राम कृपाल यादव को 528109 मत मिले। राजद ने यह सीट भाजपा से छीन ली। इससे पूर्व राजद की मीसा भारती का मुकाबला दो बार वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में भी भाजपा के राम कृपाल यादव से हुआ था और उन्हें दोनों बार हार मिली थी। हालांकि इस बार राजद की मीसा भारती ने बाजी मार ली और वह लोकसभा सांसद बनने में सफल रही।

महागठबंधन की झोली में आईं 9 सीटें
बिहार की कुल 40 लोकसभा सीट में से विपक्षी महागठबंधन की झोली में नौ सीट आईं हैं। आयोग द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल चार, कांग्रेस तीन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन दो सीट पर जीत हासिल करने में कामयाब रही। बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में राजग ने प्रदेश की 39 सीट पर जीत हासिल की थी जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में गई थी।

 

 

#Misa Bharti

Source : Agency

पाठको की राय