Saturday, October 24th, 2026

बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर आज RJD महागठबंधन का 'प्रतिरोध-मार्च', तेजस्वी यादव पटना में करेंगे रोड शो

पटना,
 देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर हाल ही में कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोला था। तो वहीं, अब राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) भी महंगाई, बेरोजगारी, ईडी औऱ सीबीआई रेड के खिलाफ पूरे बिहार में मार्च निकालेगी। इस मार्च का नेतृत्व स्वयं आरजेडी नेता तेजस्वी यादव रोड शो के माध्यम से करेंगे। गुरुवार चार अगस्त को तेजस्वी यादव ने वीडियो जारी कर इस बारे में जानकारी दी थी।
 
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बताया कि 7 अगस्त को महागठबंधन पूरे बिहार में 'प्रतिरोध मार्च' निकालेगा। इस मार्च में वो केंद्र सरकार का विरोध करते नजर आएंगे। आरजेडी के इस मार्च को लेकर पटना में पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। बताया गया है कि सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम हैं और भारी संख्या में पुलिसबल को भी तैनात किया गया है। बता दें कि पटना में आरजेडी का ये "प्रतिरोध मार्च" तेजस्वी के नेतृत्व में सुबह 11 बजे शुरू होगा जो सगुना मोड़ से निकलकर बेली रोड, जेपी गोलम्बर होते हुए पटना समाहरणालय पर जाएगा।

इस दौरान महागठबंधन के तमाम नेता भी मौजूद रहेंगे। वहीं बिहार के अलग-अलग जिलों में महागठबंधन के कार्यकर्ता मार्च निकालेंगे। चार अगस्त को पोस्ट किए गए वीडियो में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, '07 तारीख को हम लोगों का प्रतिरोध मार्च बिहार के हर एक जिले में होने जा रहा है। महागठबंधन की सभी पार्टियों इस मार्च में हिस्सा लेंगी। बताया कि बेरोजगारी और महंगाई जैसे जनसरोकार के मुद्दों को लेकर हम प्रतिरोध मार्च निकाल रहे है। बिहार सरकार और केंद्र की सरकार ने जनता से किए वायदे को आज तक पूरा नहीं किया।'

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव रोड शो के दौरान सरकार की नीतियों का विरोध करते दिखेंगे। बताया गया है कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्या के साथ-साथ बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने का भी मुद्दा उठाया जाएगा।

 

 

#RJD महागठबंधन

Source : Agency

पाठको की राय