Tuesday, October 20th, 2026

सनसेट पाइंट, व्यू पाइंट, खोहरा और जोहिला फाल में जोखिम का पर्यटन

उमरिया
बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व उमरिया में आरक्षित वन क्षेत्र में राज्य सरकार ने बिना पर्याप्त सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम के चार नए पर्यटन क्षेत्र बना दिए है। सुरक्षा इंतजामों की नाकाफी यहां के पर्यटकों पर भारी पड़ सकती है। वन विभाग ने मनोरंजन एवं वन्य प्राणी अनुभव नियमों के तहत चार नए मनोरंजक स्पाट घोषित किए है। यहां अब पर्यटकों के लिए मनोरंजक गतिविधियों का संचालन किया जा सकेगा।

बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व उमरिया के मानपुर बफर परिक्षेत्र में आरक्षित वन क्षेत्र में शामिल खोहरा फाल के पांच किलोमीटर क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किया जाएगा।  यहां सोन नदी, पर्यटन रोड, रिूरिया नाला के बीच खोहरा फाल स्थित है जो बारिश के मौसम में काफी लुभावना दिखता है। यहां पर्यटक भारी संख्या में आते है। अब इसे पर्यटक क्षेत्र घोषित किया गया है। यहां पर्यटकों के लिए सुविधाओे का विकास किया जा सकेगा। इसी तरह बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व उमरिया के मानपुर बफर में ही आरक्षित वन क्षेत्र में स्थित पांच हेक्टेयर क्षेत्र में फैले सनसेट पाइंट को भी मनोरंजक क्षेत्र घोषित किया गया है।

हाथी झील, बड़ादेव हार, गजवाही और पटपरिहा नाला के बीच स्थित इस मनोजक क्षेत्र से सनसेट का नजारा काफी खूबसूरत दिखता है और रोजाना भारी संख्या में यहां पर्यटक जुटते है। बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व के ही मानपुर बफर में जोहिला नदी और मकरा गांव तथा मैर के बीच में स्थित जोहिला फाल और उसके आसपास के साढ़े  बारह हेक्टेयर क्षेत्र को भी मनोरंजक क्षेत्र घोषित किया गया है।
   
मानपुर बफर में सोन नदी, जमूनिया, खिकिड्यिा से खोहरा फाल, पैली वनमार्ग पगडंडी के बीच स्थित पांच हेक्टेयर क्षेत्र  व्यू पाइंट सरइहा को भी मनोरंजक क्षेत्र घोषित किया गया है।

बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व क्षेत्र में वन्य प्राणियों का आवागमन रहता है। इसके अलावा यहां के वाटर फाल और आसपास की नदियों से कभी भी तेज पानी आने की संभावना रहती है। ऐसे में यहां सुरक्षा इंतजाम पहले से नहीं किए  जाने के चलते पर्यटकों की सुरक्षा खतरे में पढ़ सकती है।

 

 

#बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व उमरिया

Source : Agency

पाठको की राय