Thursday, October 22nd, 2026

ऋषभ पंत की टीम के सहायक कोच अजीत आगरकर ने कहा- टी20 क्रिकेट में कोई मजबूत या कमजोर टीम नहीं है

नई दिल्ली

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच अजीत आगरकर का मानना है कि टी20 फॉर्मेट या इंडियन प्रीमियर लीग में कोई भी टीम सीधे तौर पर पसंदीदा नहीं होती है। कोई भी चैंपियन बन सकता है। आईपीएल के पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स के ट्रॉफी जीतने का उन्होंने उदाहरण दिया है, जोकि उस सीजन सबसे फिसड्डी टीम समझी जा रही थी।

अगरकर ने स्टार स्पोर्ट्स पर आईपीएल गेमप्लान शो के दौरान कहा, ''टी 20 क्रिकेट में कोई मजबूत या कमजोर टीम नहीं है, काश यह सच होता और आप एक या दो टीमों को चुन सकते थे लेकिन ऐसा नहीं है। हमारे पास आईपीएल के सभी सीजन के दौरान पर्याप्त सबूत हैं कि किसी भी टीम को हराना आसान नहीं है।'' उन्होंने आगे कहा, "अगर आप आईपीएल के पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स को देखें, तो नीलामी में चुनी गई टीम पर हर कोई हंस रहा था, लेकिन उन्होंने ट्रॉफी जीत ली।" 23 फरवरी को आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने टीम के नए सहायक कोच के रूप में अजीत अगरकर की नियुक्ति की घोषणा की।

आगरकर ने टीम बयान में कहा, ''मैं इस सत्र के लिए दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा होकर बहुत रोमांचित हूं। मैं काफी भाग्यशाली हूं कि खिलाड़ी के बाद अब मैं अलग भूमिका में लौट रहा हूं। यह निश्चित रूप से काफी रोमांचकारी है। हमारे पास युवा और शानदार टीम है जिसकी अगुआई दुनिया के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक ऋषभ पंत कर रहे हैं।''

उन्होंने कहा, ''और कोच रिकी पोंटिंग खेल के महान खिलाड़ी हैं। उनके साथ काम करने को लेकर उत्सुक हूं।'' अजीत आगरकर आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली डेयरडेविल्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

 

#अजीत आगरकर

Source : Agency

पाठको की राय