Monday, October 19th, 2026

राइफल निशानेबाज अर्जुन, तिलोत्तमा को रजत और ओलंपिक कोटा

नई दिल्ली.
भारतीय निशानेबाज अर्जुन बाबुता और तिलोत्तमा सेन ने कोरिया के चांगवोन में चल रही एशियाई चैम्पियनशिप में पुरूषों और महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शुक्रवार को रजत पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया। 24 वर्ष के बाबुता, दिव्यांश सिंह पंवार और ह्रदय हजारिका ने 1892.4 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। बाबुता ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले भारत के नौवें निशानेबाज बन गए। महिला और पुरूष वर्ग में पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने वाले वह छठे राइफल निशानेबाज बन गए।

15 वर्ष की तिलोत्तमा ने महिलाओं के फाइनल में 252.3 अंक बनाकर भारत के लिये दसवां कोटा हासिल किया। वह स्वर्ण पदक से मामूली अंतर से चूक गई। कोरिया की युंजी क्वोन ने 252.4 अंक के साथ स्वर्ण जीता। भारत की ही रमिता को कांस्य पदक मिला। भारतीय निशानेबाजों ने राइफल में सात कोटा स्थान, शॉटगन में दो और पिस्टल में एक कोटा हासिल किया है। दस मीटर एयर राइफल में इससे पहले रूद्रांक्ष पाटिल ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं। एक स्पर्धा में एक देश को अधिकतम दो कोटा स्थान मिल सकते हैं।

बाबुता ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 251.2 अंक बनाये। वह क्वालीफिकेशन में 633.4 स्कोर करके शीर्ष रहे थे। भारत के दिव्यांश पंवार 209.6 अंक बनाकर चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने क्वालीफिकेशन में 632.3 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया था। रविशंकर कार्तिक और रूद्रांक्ष फाइनल में जगह नहीं बना सके। टीम स्पर्धा में भारत ने स्वर्ण, चीन ने रजत और जापान ने कांस्य जीता।

 

#Shooters Arjun#Tilottama

Source : Agency

पाठको की राय