Tuesday, October 20th, 2026

रीवा लोकायुक्त टीम ने पपौंध थाने के अंदर रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक को पकड़ा

शहडोल.
शहडोल जिले के अंतिम छोर में स्थित पपौंध थाना मे पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को रिश्वत लेते लोकायुक्त रीवा की टीम ने रविवार को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार पपौंध थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक अनिल शर्मा के द्वारा सपटा निवासी रामनरेश से दो हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई थी। जिसकी शिकायत फरियादी द्वारा लोकायुक्त कार्यालय रीवा में की गई थी। आरोप की पुष्टि होने के बाद लोकायुत पुलिस अधीक्षक रीवा द्वारा एक टीम का गठन कर कार्रवाही किए जाने का निर्देश दिया। जिसके बाद आज टीम ने प्रधान आरक्षक अनिल शर्मा को दो हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है।

प्रधान आरक्षक थाने के अंदर ही रिश्वत ले रहा था जिस पर टीम ने थाने के अंदर ही कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार रीवा लोकायुक्त की टीम पपौंध थाने के अंदर अचानक पहुंची और प्रधान आरक्षक अनिल शर्मा को दो हजार की रिश्वत लेते पकड़ लिया है। शहडोल के सपटा निवासी रामनरेश के खिलाफ 325 का मुकदमा दर्ज था, प्रधान आरक्षक के द्वारा रामनरेश को डराकर रिश्वत की मांग की गई थी। रामनरेश ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा से मामले की शिकायत की थी जिसके आधार पर टीम यहां पहुंची और कार्रवाई की है।

 

#Rewa Lokayukta

Source : Agency

पाठको की राय