Tuesday, October 20th, 2026

परिवहन के लिये 3 हजार करोड़ के राजस्व संग्रहण का लक्ष्य - मंत्री राजपूत

भोपाल

राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि राजस्व संग्रहण में परिवहन विभाग आगामी 4 महीनों में 3 हजार करोड़ के लक्ष्य को पार कर जायेगा। नवम्बर माह तक 1744 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया जा चुका है। परिवहन मंत्री वर्ष 2021-22 के लिये परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण पर अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। राजपूत ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं दुरुस्त किये जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक नीति-नियम बनाने के निर्देश दिये।

वाहनों पर रेडियम पट्टी लगाने का करें कड़ाई से पालन

परिवहन मंत्री राजपूत ने प्रदेश में आये दिन होने वाली वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के लिये वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिंग टेप (रेडियम पट्टी) लगाने की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइस के संबंध में 7 दिनों के भीतर आरएफपी प्राप्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

ई-व्हीकल प्रणाली के काम को दें गति

मंत्री राजपूत ने बैठक में प्रदेश की नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति की समीक्षा करते हुए ई-व्हीकल के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिये। वातावरण में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिये ई-वाहनों का उपयोग आज की आवश्यकता भी है और भविष्य की जरूरत भी। उन्होंने कहा कि आने वाला समय ई-व्हीकल, सौर ऊर्जा और ड्रोन का है, इसलिये हमें भी ई-व्हीकल को बढ़ावा देना चाहिये। उन्होंने ई-व्हीकल के क्षेत्र में पूँजी निवेश करने वालों को प्रोत्साहन देने की दृष्टि से एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिये।

शिविर में होगा ऑटो चालकों की समस्याओं का निराकरण

मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश में ऑटो सेवा के सुचारु संचालन के लिये परमिट एवं फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिये शिविर आयोजित किये जायेंगे। साथ ही भोपाल कोकता स्थित नवीन आरटीओ भवन का लोकार्पण भी इसी माह किया जायेगा। बैठक में प्रमुख सचिव परिवहन एस.एन. मिश्रा, परिवहन आयुक्त मुकेश जैन, अपर परिवहन आयुक्त अरविंद सक्सेना एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

#परिवहन के लिये 3

Source : Agency

पाठको की राय