खुड़मुड़ा हत्याकांड में हुआ खुलासा, बहू ने पति और प्रेमी के साथ मिलकर करा दी 4 लोगों की हत्या
दुर्ग। 21 दिसंबर 2020 को अमलेश्वर के खुड़मुड़ा में सोनकर परिवार के चार लोगों की हत्या में बहू निर्मला सोनकर ही मास्टर माइंड निकली, पुलिस ने उसे 145 दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया। उसने पति और प्रेमी के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था क्योंकि उसके अवैध संबंध के बारे में सास को पता लग चुका था।
प्रदेश के बहुचर्चित खुड़मुड़ा हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने हत्याकांड की मास्टरमाइंड घर की बहू को गिरफ्तार कर लिया है। बहू निर्मला सोनकर पर अमलेश्वर पुलिस को पहले से ही शक था, लेकिन सबूत के अभाव में उसे गिरफ्तार नहीं किया गया था। वारदात के 145 दिन बाद महिला की ब्रेन मैपिंग रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। निर्मला की सास दुलारी बाई को उसके और रोहित के अवैध संबंध का पता था। इस बात को लेकर वो उसे हमेशा धमकी दिया करती थी। सास दुलारी बाई से बदला लेने के लिए निर्मला ने ही प्रेमी रोहित मौसा को पति गंगाराम से मिलवाया था। उसी के कहने पर पति ने प्रेमी को भी वारदात में शामिल कर लिया था। जिसके बाद सभी ने महिला के सामने ही पूरे हत्याकांड की प्लानिंग की। वारदात के पहले और बाद में महिला के साथ सभी ने घर में पार्टी भी की थी। हत्याकांड में 84 दिन बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया और गंगाराम, उसके पड़ोसी महाकाल, दोस्त नरेश और पत्नी के प्रेमी रोहित मौसा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। लेकिन मास्टरमाइंड बहू उस समय से गिरफ्त से बची हुई थी।

पाठको की राय