सुरक्षा, सुशासन और विकास का परिणाम , 80% सीटों पर जीतेगी BJP-CM योगी
गोरखपुर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के अब दो चरण और बाकी हैं. पिछले पांच चरणों में अपनी ताकत झोंकने वाले राजनीतिक दल अब चुनाव के आखिरी वक्त में कोई कसर छोड़ना नहीं चाहते हैं. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी सूबे के पूर्वांचल में अपना शक्ति प्रदर्शन करने उतरी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां बलिया तो सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया. सीएम योगी ने दावा किया कि पूरे प्रदेश में बीजेपी के पक्ष में प्रचंड जनसमर्थन दिख रहा है और 80 फीसदी सीटों पर जीत दर्ज कर बीजेपी सरकार बनाने जा रही है.
गोरखपुर की खजनी, सहजनवां और चौरी चौरा विधानसभाओं में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि मेरे गोरखपुर का चौरी चौरा क्षेत्र देव आराधना और राष्ट्र आराधना की प्रेरणा भूमि है. यहां का जन-जन अपने राम, अपने राष्ट्र के लिए समर्पित है. भाजपा के समर्थन में आज यहां उमड़ा अपार जन सिंधु घोर परिवारवादियों व माफियावादियों की नींद हराम कर देगा.
CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार की तरफ से किए गए सुरक्षा, सुशासन और विकास के काम के परिणाम दिख रहे हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग परिवारवाद, जातिवाद की राजनीति करते थे, उसे यूपी की जनता ने बाहर किया है. बीजेपी के 5 साल के कार्यकाल में कोई दंगा नहीं हुआ. प्रदेश में सुरक्षा का माहौल दिया गया इसलिए विपक्ष हताश है.
वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो लोग माफियाओं के समर्थक हैं, जिन्होंने दंगाइयों को समर्थन देकर प्रदेश को दंगे में झोंका, उन्हें ये व्यवस्था देखकर दिक्कत तो होगी.
प्रधानमंत्री यूक्रेन के मामले को लेकर संवेदनशील हैं. बच्चों को सुरक्षित लाने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है. यह काम पूरे प्रयास से जारी रहेगा. बता दें कि रूस के हमले के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लाने के लिए 'ऑपरेशन गंगा' चलाया जा रहा है.

पाठको की राय