Friday, October 23rd, 2026

केंद्रीय रेल मंत्री के बस्तर प्रवास का संकेत रेल लाईन आंदोलन का परिणाम?

जगदलपुर
रावघाट जगदलपुर रेल लाईन के लिए 03 अप्रेल से शुरू होने वाले आंदोलन की खनक दिल्ली तक पंहुचना और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द बस्तर प्रवास पर आने की घोषणा के साथ प्रस्तावित रावघाट जगदलपुर रेललाईन के निर्माण की दिशा में शीघ्र काम आरंभ करवाने का संकेत रेल लाईन आंदोलन की सफलता और उसेक व्यापक असर को दशार्ता है। अब रेल लाईन आंदोलन को इसके मुकाम तक पंहुचाने के लिए आने वाला चुनावी वर्ष बहुत ही महत्वपूर्ण कालखण्ड होगा। रावघाट जगदलपुर रेल लाईन के लिए छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ कांग्रेस को भी इस दिशा में अपनी भूमिका निभानी होगी, चुनावी वर्ष में उसके लिए भी पीछे हटना मुमकिन नही है, वहीं स्थानीय भाजपा प्रतिनिधि मण्डल के केन्द्रीय रेल मंत्री तक पहुंचने अ‍ौर केंद्र की भाजपा सरकार के योगदान को अपने पक्ष में करने के  लिए सक्रिय दिख रहा है, इसका सीधा लाभ बस्तर को होगा।

उल्लेखनीय है कि बस्तर के विकास का रोडमैप लेकर दिल्ली गये भाजपा प्रतिनिधि मण्डल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बस्तर में रेल सेवाओं का विस्तार करने बिंदुवार चर्चा की, जिसमें प्रस्तावित रावघाट- जगदलपुर रेल लाईन को प्राथमिकता देते हुए तत्काल स्वीकृति प्रदान कर कार्य आरंभ करने अनुरोध किया। साथ ही अन्य रेल सुविधाओं के लिये मांग पत्र भी केंन्द्रीय रेल मंत्री को सौंपा। रेल मंत्री वैष्णव ने भाजपा प्रतिनिधि मंडल से जल्द ही बस्तर प्रवास पर आने व रावघाट-जगदलपुर रेल लाईन सहित अन्य रेल सुविधाओं पर शीघ्रताशीघ्र निर्णय कर कार्य शुरू करने आश्वस्त किया है।

पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने फोन पर बताया कि भाजपा प्रतिनिधि मण्डल ने बस्तर के तीव्र विकास के लिये रेल सुविधाओं के विस्तार को अत्यंत आवश्यक बताया, जिसे स्वीकारते हुए केंन्द्रीय रेल मंत्री ने जल्द बस्तर प्रवास पर आने सहमति दी है। साथ ही प्रस्तावित रावघाट-जगदलपुर रेल लाईन निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्य करने आश्वास्त किया है। केन्द्रीय रेल मंत्री को सौंपे गये मांग पत्र में रावघाट रेललाईन सहित जगदलपुर विशाखापट्नम नाईट एक्सप्रेस का नियमित परिचालन किये जाने एवं कोराना काल के समय से बंद की गयी दुर्ग जगदलपुर एक्सप्रेस का समय परिवर्तित कर रात्रि कालीन परिचालन शुरू करने मांग की गयी है। इसके अलावा नवीन विशाखापट्नम - किरंदुल एक्सप्रेस को दंतेवाड़ा बीजापुर मैंचरियल महाराष्ट्र लाईन को स्वीकृति देने आग्रह किया गया है। रेल मंत्री ने सभी मांगों को अविलंब पूर्ण करने हामी भरी है और रेल्वे अधिकारियों को इस बाबत् निर्देश भी दिये हैं। केंन्द्रीय रेल मंत्री से मिलने गये भाजपा प्रतिनिधि मंडल में कांकेर सांसद मोहन मण्डावी, बिलासपुर सांसद अरूण साव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, रायपुर सांसद सुनील सोनी, सांसद गुहाराम अजगले, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी, पूर्व मंत्री लता उसेण्डी, महेश गागड़ा, डॉ. सुभाऊ कश्यप, पूर्व विधायक संतोष बाफना, श्रीनिवासराव मद्दी, बैदूराम कश्यप, कमलचंद भंजदवे, अनिता नेताम, बाबुल नाग, दिलीप कुशवाहा आदि शामिल थे।

 

Source : Agency

पाठको की राय