Wednesday, October 21st, 2026

विश्व कप सेमीफाइनल में भारत के 'खतरे' से निपटने के लिए अनुभव पर भरोसा : डेवोन कोंवे

मुंबई.
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवोन कोंवे ने कहा है कि बुधवार को यहां विश्व कप सेमीफाइनल में शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम के 'खतरे' से निपटने के लिए उनकी टीम को अपने सीनियर खिलाड़ियों के अनुभव पर भरोसा है। न्यूजीलैंड 45 मैचों के लीग दौर के बाद अंकतालिका में चौथे स्थान पर रहा। उनका भारत के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंटों के नॉकआउट में अच्छा रिकॉर्ड रहा है। न्यूजीलैंड की टीम ने 2019 विश्व कप सेमीफाइनल और 2021 विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में भारत को हराया था।

कोंवे ने न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा जारी वीडियो में कहा, हम सभी को पता है कि भारतीय टीम कितनी खतरनाक है। वह लय में है और काफी मजबूत है। उन्होंने कहा, लेकिन हम इस चुनौती के लिये तैयार हैं। सेमीफाइनल में मेजबान के खिलाफ खेलना रोमांचक होगा। हमें पता है कि वह खतरनाक है लेकिन हम भी तैयार हैं। कोंवे ने कहा, यह हमारे लिये एक और खास मौका है। हमारे पास काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं जो इन हालात का सामना पहले भी कर चुके हैं। हमें उनके अनुभव पर भरोसा है।

हमारा लक्ष्य विश्व कप फाइनल खेलना है और हम उससे एक जीत दूर है। हम अच्छा क्रिकेट खेलते रहेंगे।  न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र इस विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष तीन बल्लेबाजों में हैं। उन्होंने अब तक तीन शतक और दो अर्धशतक समेत 565 रन बनाये हें। कोंवे ने कहा,रचिन के लिये यह शानदार विश्व कप रहा है। हम सभी को पता है कि वह कितना अच्छा खिलाड़ी है। विश्व कप में इस तरह का प्रदर्शन बेहतरीन है।

 

#Devon Conway

Source : Agency

पाठको की राय