Wednesday, October 21st, 2026

नितिन अग्रवाल को राहत, स्पीकर ने खारिज की सदस्यता खत्म कराने संबंधी याचिका

लखनऊ 
उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने नितिन अग्रवाल की सदस्यता खत्म करने संबंधी याचिका खारिज कर दी है। इस फैसले से भाजपा में शामिल हो चुके नितिन अग्रवाल को बड़ी राहत मिली है।  नरेश अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर  हरदोई सदर से चुने गए थे। बाद में वह भाजपा में चले गए। इस आधार पर उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म कराने के लिए सपा विधानमंडल दल नेता राम गोविंद चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष याचिका दाखिल की थी। गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष ने इसे खारिज कर दिया।  इस बारे में विधानसभा अध्यक्ष हृदय  नारायण दीक्षित ने कहा कि नितिन अग्रवाल संबंधी याचिका खारिज कर दी गई है। इस प्रकरण के बाद अब किसी विधायक की सदस्यता खत्म करने संबंधी कोई याचिका लंबित नहीं है। 

अखिलेश ने नरेश अग्रवाल को दिया घर वापसी का न्यौता
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नरेश अग्रवाल को हाल ही में सपा में वापस लौटने का आफर दिया था लेकिन नरेश अग्रवाल ने कहा था कि अब वह भाजपा में ही रहेंगे। नरेश अग्रवाल कांग्रेस, लोकतांत्रित कांग्रेस, बसपा-सपा में रहने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। अब नितिन अग्रवाल को भाजपा टिकट देती है या नहीं, यह चुनाव के वक्त पता चलेगा। नीतिन अग्रवाल के पिता नरेश अग्रवाल हरदोई के कद्दावर नेता माने जाते हैं। जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके बजाए जया बच्चन को राज्यसभा भेज दिया तो खिन्न होकर नरेश अग्रवाल भाजपा में शामिल हो गए। इसी के साथ ही नितिन अग्रवाल भी वर्ष 2018 में भाजपा में चले गए। 
 

 

#Relief

Source : Agency

पाठको की राय