Friday, October 23rd, 2026

कटघोरा वासियों के लिए राहत भरी खबर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शुरू हुआ आक्सीजन प्लांट

कोरबा
कोरोना की तीसरी संभावित लहर सहित दूसरी बीमारियों से जूझ रहे कटघोरा के मरीजों और सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों की जान बचाने के लिए राहत की बड़ी खबर आई है। कटघोरा विकासखण्ड मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में अब 24 घंटे चलने वाला आॅक्सीजन प्लांट मरीजों के लिए चालू हो गया है।

इस प्लांट की स्थापना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के परिसर में ही की गई है। यह यूनिट प्रेशर स्विंग एब्जारशन टेक्नोलॉजी (पीएसए) पर आधारित है। इस यूनिट में लगे उपकरण वायुमण्डल की हवा को खीचंकर उसमें मौजूद आॅक्सीजन को कंसन्ट्रेट करते हैं। इस शुद्ध आॅक्सीजन को फिर पाईपलाइन के माध्यम से मरीजों तक पहुंचाया जाता है। कटघोरा के खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूद्रपाल सिंह कंवर ने बताया कि डीआरडीओ द्वारा विकसित तकनीक पर आधारित इस आॅक्सीजन प्लांट की स्थापना में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण का भी सहयोग है। इस प्लांट की क्षमता 250 लीटर प्रति घंटा आॅक्सीजन उत्पादन की है। इसके साथ ही इस आॅक्सीजन को संयंत्र से जुड़े टैंक में स्टोरेज भी की जा सकता है। डॉ. रूद्रपाल ने बताया कि यह विकासखण्ड की पहली आॅक्सीजन यूनिट है। इसके व्यवस्थित संचालन के लिए स्थानीय मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित भी किया गया है। इस प्लांट से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में अभी 20 बिस्तरों सहित प्रसव कक्ष और आॅपरेशन थियेटर में भी मरीजों की जान बचाने आॅक्सीजन आपूर्ति करने में सुविधा होगी।

डॉ. कंवर ने बताया कि भविष्य में इस प्लांट से ही 30 और बिस्तरों तक आॅक्सीजन सप्लाई में बढ़ोत्तरी की जा सकेगी। डॉ. कंवर ने यह भी बताया कि अस्पताल में पहले से लगी लगभग 100 मीटर गैस पाईप लाइन के साथ लगभग 70 मीटर नई पाईप लाइन भी लगाई गई है ताकि मरीजों तक आसानी से उचित दबाव की आॅक्सीजन पहुंचाई जा सके। आॅक्सीजन प्लांट को लगातार चलाने के लिए नया डीजी सेट भी लगाया गया है।

 

#Oxygen plant

Source : Agency

पाठको की राय