रिकॉर्ड टीकाकरण, ब्लड डोनेशन कैंप से फ्री राशन तक, PM मोदी के जन्मदिन पर ऐसी है भाजपा की तैयारी
नई दिल्ली
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बर्थडे है। भाजपा शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 71वां जन्मदिन भव्य तरीके से मनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए भाजपा ने 20 दिन के एक राष्ट्रव्यापी अभियान की योजना बनाई है। इसे सेवा और समर्पण अभियान का नाम दिया गया है। ये अभियान 7 अक्तूबर को खत्म होगा। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को टीकाकरण का रिकॉर्ड बनाने की भी तैयारी है। इस दौरान रिकॉर्ड 1.5 करोड़ लोगों को टीका लगाने की तैयारी है। साथ ही पार्टी इस दौरान प्रधानमंत्री के सार्वजनिक कार्यालय में दो दशक पूरा करने का भी जश्न मनाएगी। मोदी 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और पिछले सात साल से प्रधानमंत्री हैं। इतना ही नहीं, कई जगहों पर ब्लड डोनेशन कैंप भी लगेंगे।
चार सदस्यीय समिति बनाई
सेवा और समर्पण अभियान के लिए भाजपा ने एक चार सदस्यीय समिति बनाई है। ताकि अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। इस समिति का नेतृत्व कैलाश विजयवर्गीय कर रहे हैं। इस अभियान के तहत जिला स्तर पर भाजपा रक्तदान शिविर और मोदी के जीवन पर प्रदर्शनी जैसे कई कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। पार्टी आलाकमान ने इस विशेष अवसर को चिह्नित करने के लिए कैडर को एक ही दिन में 1.5 करोड़ टीके देने, स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर आयोजित करने, गरीबों को राशन वितरित करने और प्राप्त उपहारों और स्मृति चिन्हों की ई-नीलामी करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर के 20 साल पूरे होने पर शुक्रवार को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी एक फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडाविया ने गुरुवार को देशवासियों से अपील की कि वे अपने परिजन एवं प्रियजन को टीका लगवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन का उपहार दें। मांडविया ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबके लिए नि:शुल्क टीका मुहैया कराकर देश को सौगात दी है। उन्होंने कहा कि हम सबके प्रिय प्रधानमंत्री जी का शुक्रवार को जन्मदिन है, आइए वैक्सीन सेवा कर उन अपनों, परिजनों और समाज के सभी तबकों को टीका लगवाने में मदद करें, जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है और यह प्रधानमंत्री के लिए जन्मदिन का उपहार होगा।
15 मोबाइल चिकित्सा इकाइयों को रवाना किया
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर 15 मोबाइल चिकित्सा इकाइयों को हिमाचल प्रदेश भेजा ताकि राज्य के लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सके। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने दिल्ली में अनुराग ठाकुर के सरकारी आवास पर मोबाइल चिकित्सा इकाइयों को हरी झंडी दिखाई। ठाकुर ने इस मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा,‘जब देश कल मोदी जी का जन्मदिन मनाएगा, तो ये 15 मोबाइल चिकित्सा इकाइयां हिमाचल प्रदेश में लोगों की सेवा करने के लिए मौजूद होंगी... हम सभी ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मनाने का निर्णय लिया है और इसी भावना के साथ आज 15 और मोबाइल चिकित्सा इकाइयां हिमाचल प्रदेश भेजी जा रही हैं।’
गुजरात में दिव्यांगों के लिए ‘मोबाइल वैन’ सेवा शुरू
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिन के मौके पर ‘जयपुर फुट यूएसए’ ने गुजरात के दिव्यांगों के लिए मुफ्त कृत्रिम अंग (प्रोसथेटिक फीटमेंट) प्रदान करने के लिए एक ऑनलाइन कार्यक्रम में ‘एक मोबाइल वैन’ सेवा की शुरुआत को मंजूरी दी। प्रख्यात भारतीय योग गुरु एवं स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के कुलपति डॉ. एचआर नागेंद्र और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के मुख्य संरक्षक एवं बीएमवीएसएस के संस्थापक पदम भूषण डीआर मेहता वीर ने ऑनलाइन एक कार्यक्रम में ‘मोबाइल वैन’ सेवा की शुरुआत को हरी झंडी दिखाई।
मोदी की तस्वीर वाले 14 करोड़ राशन बैग बांटे जाएंगे
प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर वाले 14 करोड़ राशन बैग बांटे जाएंगे। प्रधानंत्री करीब कल्याण योजना के तहत 5 किलो राशन वाले बैग लोगों को दिए जाएंगे। अब तक भाजपा शासित प्रदेशों में कुल 2.16 करोड़ बैग बांटे जा चुके हैं। देश भर के भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता प्रधानमंत्री को दो करोड़ पोस्टकार्ड भेजेंगे और उन्हें आश्वस्त करेंगे कि वह समाज सेवा के लिए खुद को समर्पित करेंगे।

पाठको की राय