Tuesday, October 20th, 2026

महाकाल मंदिर में रसीद अब सिर्फ ऑनलाइन ही मिलेगी

उज्जैन

 महाकालेश्वर मंदिर में 1500 रुपए की रसीद अब सिर्फ ऑनलाइन ही मिलेगी, ऑफलाइन में इस रसीद का लोग गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहे थे, इस वजह से सुबह जल चढ़ाने वालों की संख्या बढ़ रही थी। जबकि इसकी संख्या और समय दोनों निर्धारित हैं, बावजूद इसके इतनी अधिक मात्रा में रसीदें कहां से लोगों तक पहुंच रही हैं, इस मामले को भी मंदिर समिति जांच के दायरे में ले रही है। फिलहाल कलेक्टर के पास 1500 रुपए की रसीद को ऑनलाइन करने का प्रपोजल बनाकर मंदिर समिति द्वारा भेजा गया है।

विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर के दर्शन में भी लोग सेटिंग करने से बाज नहीं आते। गर्भगृह में जल चढ़ाने के लिए 1500 रुपए की विशेष अभिषेक पूजन की रसीद काउंटर से कटती है। इसमें सिर्फ दो लोगों को ड्रेसकोड (धोती-सोला, साड़ी) का पालन करना होता है। सुबह के समय जलअर्पण किया जाता है, तथा शाम को शृंगार होने के कारण सिर्फ पुष्प अर्पित करके दर्शन करने होते हैं। इस रसीद के माध्यम से कई लोग श्रद्धालुओं को अपने जाल में उलझाकर उन्हें 1500 की रसीद से गर्भगृह में ले जाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूल रहे थे, इस संबंध में प्रशासक गणेश धाकड़ को कुछ समय पहले शिकायतें भी मिली थीं, जिन्हें लेकर उन्होंने 1500 की रसीद को ऑनलाइन करने का प्रस्ताव बनाकर कलेक्टर आशीष सिंह के पास भेजा है।

 

#महाकाल मंदिर

Source : Agency

पाठको की राय