Monday, October 19th, 2026

आरआरआर में ब्रिटिश गवर्नर का रोल करने वाले रे स्टीवेंसन का 58 साल की उम्र में निधन

न्यूयोर्क

ब्लॉक बस्टर फिल्म आरआरआर में खलनायक ब्रिटिश गवर्नर की भूमिका निभाने वाले अभिनेता रे स्टीवेन्सन का 58 साल की उम्र में निधन हो गया है। आरआरआर के अलावा रे स्टीवेन्सन 'थोर' फिल्मों में एक असगर्डियन योद्धा के रूप में भी नजर आए थे। स्टीवेन्सन के परिजन ने बताया कि रविवार को उनका निधन हो गया था, लेकिन सोमवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई।

हालांकि मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। स्टीवेन्सन (पूरा नाम जॉर्ज रेमंड स्टीवेन्सन ) का जन्म 1964 में उत्तरी आयरलैंड के लिस्बर्न में हुआ था। उनके पिता ब्रिटिश सेना में थे। उनकी पहचान एक हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता के रूप में रही। मार्वल की कई फिल्मों में उनके काम की खूब तारीफ हुई थी। खास बात यह है कि दो दिन बाद (25 मई को) ही उनका जन्मदिन था। फैंस इसे खास अंदाज में मनाने की तैयारी कर रहे थे। कद-काठी से 6 फुट 4 इंच के स्टीवेन्सन ने कई फिल्मों में सैनिकों की भूमिका निभाई।

उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था 'मुझे लगता है कि मैं दिल से एक पुराना योद्धा हूं।' हॉलीवुड में लोकप्रिय रहे स्टीवेन्सन ने अपने करियर में एक मात्र भारतीय फिल्म में काम किया। जूनियर एनटीआर और राम चरण-स्टारर आरआरआर में उनकी भूमिका ने भारतीय दर्शकों का दिल भी जीत लिया था।

 

Source : Agency

पाठको की राय