Thursday, October 22nd, 2026

पहली बार नंबर 5 पर बैटिंग करने उतरे रवींद्र जडेजा ने दमदार पारी का श्रेय कप्तान रोहित को दिया

नई दिल्ली  

हाल में टीम इंडिया में वापसी करने वाले ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 18 गेंदों पर नॉटआउट 45 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में श्रीलंका को 7 विकेट से शिकस्त देकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। यह पहली बार था जब जडेजा T20I में नंबर 5 पर बैटिंग करने के लिए उतरे। इससे पहले वह अपने करियर में केवल दूसरी बार नंबर 4 पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। जडेजा ने अब अपनी इस विस्फोटक पारी का श्रेय कप्तान रोहित शर्मा को दिया है।

भारतीय ऑलराउंडर जडेजा ने कप्तान रोहित शर्मा को उन पर विश्वास करने और उनकी बल्लेबाजी पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद दिया है। बीसीसीआई द्वारा जारी एक वीडियो में जडेजा ने कहा, 'मैं रोहित को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुझ पर विश्वास किया कि मैं वहां जा सकता हूं और अपने देश के लिए रन बना सकता हूं। इसलिए उम्मीद है कि भविष्य में जब भी मौका मिलेगा मैं हमेशा इसी तरह की कोशिश करूंगा और अपना बेस्ट दूंगा।'

जडेजा ने एक ओवर में बटोरे 21 रन

जडेजा ने श्रीलंकाई गेंदबाज चमीरा के एक ही ओवर में 21 रन बनाए। भारतीय पारी का यह  16वां ओवर था। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए केवल 26 गेंदों पर 58 रनों की अविजित साझेदारी करके टीम को 17 गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत दिला दी। भारत की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह लगातार 11वीं जीत है। 

 

#रवींद्र जडेजा

Source : Agency

पाठको की राय