Thursday, October 22nd, 2026

आईपीएल में रंग जमाने रविंद्र जडेजा, पुजारा संग यूएई पहुंचे शार्दुल ठाकुर

नई दिल्ली
इंग्लैंड की सरजमीं पर अपने खेल से हर किसी को अपना मुरीद बनाने वाले टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर रविंद्र जडेजा और चेतेश्वर पुजारा संग आईपीएल 2021 के दूसरे फेज में हिस्सा लेने के लिए यूएई पहुंच चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी है। तीनों ही खिलाड़ियों को अगले छह दिन तक क्वारंटाइन में रहना होगा। शार्दुल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया था और वह सीएसके के लिए ऐसा ही खेल दिखाना चाहेंगे। चेन्नई को इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के दूसरे फेज के अपने पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस से 19 सितंबर को भिड़ना है। रविंद्र जडेजा ने ओवल टेस्ट में अपनी गेंदबाजी से टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान दिया था और वह आईपीएल में सीएसके के ट्रंप कार्ड रहते हैं। टूर्नामेंट स्थगित होने से पहले जड्डू ने अपने बल्ले और गेंद के दम पर खूब वाहवाही बटोरी थी और आरसीबी के खिलाफ खेले गए मैच में हर्षल पटेल के एक ही ओवर में 36 रन कूट दिए थे। जडेजा ने 7 मैचों में 161.72 के कमाल के स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए थे और गेंदबाजी में 6 विकेट भी अपने नाम किए थे। 

भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट रद्द होने के बाद सभी फेंचाइजी अपने खिलाड़ियों को प्राइवेट चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए यूएई लेकर आ रही हैं।रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली जैसे खिलाड़ी पहले ही आईपीएल 2021 के दूसरे फेज के लिए यूएई पहुंच चुके हैं। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शनिवार को बुमराह और सूर्याकुमार के साथ चार्टर्ड फ्लाइट से आबु धाबी पहुंचे थे। आईपीएल के बचे हुए 31 मैच 19 सितंबर से खेले जाने हैं और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 15 अक्टूबर को दुबई में खेला जाएगा। कई खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद बीसीसीआई को 4 मई को आईपीएल 2021 को स्थगित करना पड़ा था। 
 

 

#Ravindra Jadeja

Source : Agency

पाठको की राय