Thursday, October 22nd, 2026

रवींद्र जडेजा ने टूर्नामेंट के बीच में छोड़ी CSK की कप्तानी

मुंबई
      

 महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान बन गए हैं. रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने टूर्नामेंट के बीच में ही कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया है और हर किसी को हैरान कर दिया है.

शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर इसका ऐलान किया. ये तब हुआ है जब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह सीजन शानदार नहीं गया है और टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है. ​​​​​​

चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को जारी किए गए बयान में इसकी जानकारी दी. सीएसके ने अपने बयान में कहा, 'रवींद्र जडेजा ने अपने गेम पर फोकस करने के लिए एमएस धोनी से चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभालने की अपील की है. एमएस धोनी ने टीम के हित में ये अपील स्वीकारी है और खुद कप्तानी संभालने का फैसला लिया है'.

चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला रविवार यानी 1 मई को है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जब चेन्नई सुपर किंग्स मैदान में उतरेगी, तब महेंद्र सिंह धोनी ही टीम की कमान संभालेंगे.  

सीजन की शुरुआत में कप्तान बने थे जडेजा

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस आईपीएल से पहले ही रवींद्र जडेजा को कमान सौंपी थी. महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल शुरू होने से ठीक दो दिन पहले कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया था और जडेजा को अपना उत्तराधिकारी बनाया था.

लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह सीजन बेहतरीन नहीं रहा. सीएसके ने अपने शुरुआती मैच लगातार गंवाए और अभी तक खेले गए 8 मैच में से सिर्फ 2 में ही जीत हासिल की है.

आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन

कोलकाता ने 6 विकेट से हराया
लखनऊ ने 6 विकेट से हराया
पंजाब ने 54 रनों से हराया
हैदराबाद ने 8 विकेट से हराया
बेंगलुरु को 23 रनों से मात दी
गुजरात ने 3 विकेट से हराया
मुंबई को 3 विकेट से मात दी
पंजाब ने 11 रनों से हराया

रवींद्र जडेजा को सीजन से ठीक पहले जब कप्तान बनाया गया था, तब हर कोई हैरान रह गया था. महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स ने चार बार आईपीएल का खिताब जीता है, लेकिन अचानक एमएस धोनी का कप्तानी छोड़ने फैन्स के समझ में नहीं आया. लेकिन अब एक बार फिर एमएस धोनी अचानक ही फिर से टीम के कप्तान बन गए हैं और अब टीम की कमान संभालेंगे.

 

#रवींद्र जडेजा

Source : Agency

पाठको की राय