Thursday, October 22nd, 2026

रवींद्र जडेजा को ICC टेस्ट रैंकिंग में मिला फायदा, टिम साउदी को मिला शानदार प्रदर्शन का इनाम

नई दिल्ली
आईसीसी टेस्ट रैकिंग में भारत के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को फायदा हुआ है। वो आईसीसी टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। जडेजा के 386 प्वॉइंट हैं। वहीं बेन स्टोक्स 385 प्वॉइंट के साथ नंबर तीन पर हैं। वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर इस लिस्ट में पहले नंबर पर हैं। भारत के आर अश्विन आईसीसी टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग की लिस्ट में चौथे नंबर पर बरकरार हैं। उनके 353 प्वॉइंट हैं। वहीं अगर  गेंदबाजों की आईसीसी टेस्ट रैंकिंग की बात करें तो न्यूजीलैंड के गेंदबाज टिम साउदी को बड़ा फायदा हुआ है। वो गेंदबाजों की आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। पहले वो 6 वें नंबर पर थे। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन का उन्हें इनाम मिला है। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच में उन्होंने सात विकेट लिए थे। उनके 838 प्वॉइंट हैं। इस लिस्ट में भारत के ऑफ स्पिनर आर अश्विन दूसरे पायदान पर बने हुए हैं। उनके 850 प्वॉइंट हैं। इस लिस्ट में उनके अलावा कोई भारतीय गेंदबाज शामिल नहीं है।

आईसीसी की गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में पहले पायदान पर ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस बने हुए हैं। उनके 908 प्वॉइंट हैं। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर न्यूजीलैंड के नील वैगनर हैं। वहीं पांचवें नंबर पर जोश हेजलवुड हैं। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन इस लिस्ट में 6 वें नंबर पर हैं। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 10 जून से दो टेस्च मैचों की सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच खेला जाना है। पहला टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया था। न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद 18 जून से भारत के खिलाफ  साउथम्पटन में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच खेलना है। इसका क्रिकेट प्रेमियों को बसब्री से इंतजार है।

 

#Ravindra Jadeja

Source : Agency

पाठको की राय