Thursday, October 22nd, 2026

ICC ताजा Test Ranking ऑलराउंडरों की सूची में रवींद्र जडेजा नंबर 1 पर

मुंबई
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (International Cricket Council) ने बुधवार को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग्स (ICC Test Rankings) जारी की। ताजा आईसीसी रैंकिंग्स में ऑलराउंडरों की सूची में भारत के रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) वापस नंबर 1 पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर (Jason Holder) को फिर से दूसरे नंबर पर धकेल दिया है।

जेसन होल्डर इंग्लैंड के खिलाफ बारबाडोस में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए जिसके बाद उन्हें रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा। इस मैच में होल्डर ने केवल एक विकेट लिया और मैच में कुल 12 रन बनाए। ऑलराउंडर्स की सूची में भारत के ही स्टार ऑलराउंडर आर. अश्विन (R. Ashwin) होल्डर के बाद तीसरे नंबर पर बरकरार हैं।

शतक जमाकर 5वें नंबर पर पहुंचे बाबर आजम

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कराची में खेले गए दूसरे टेस्ट में अपने क्रिकेट करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलकर रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत की है। ताजा बल्लेबाजी टेस्ट रैंकिंग में वे तीन पायदान ऊपर चढ़कर 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

 

भारतीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं

भारत के तीन प्रमुख खिलाड़ियों की बल्लेबाजी रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (7वें), विराट कोहली (9वें) और ऋषभ पंत (10वें) की रैंकिंग में अपने पहले के स्थानों पर ही बने हुए हैं।

बल्लेबाजी रैंकिंग में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान और ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा ने भी बड़ी छलांग लगाई है। दूसरी पारी में 104 रन की नाबाद पारी के बाद रिजवान 6 स्थान के फायदे के साथ ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर के साथ संयुक्त नंबर 11वें पर पहुंच गए हैं। वहीं कराची टेस्ट में नाबाद 160 और नाबाद 44 रन बनाने वाले ख्वाजा 11 स्थानों की छलांग के साथ 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं।


गेंदबाजी रैंकिंग में हुए ये बदलाव

आईसीसी की गेंदबाजी रैंकिंग में पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी कराची टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बाद एक स्थान नीचे गिरकर 6 नंबर पर आ गए हैं। वे मैच में बमुश्किल 2 विकेट ले पाए थे। वहीं पहली पारी में तीन विकेट चटकाने वाले ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क 1 स्थान ऊपर चढ़कर 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अश्विन रैंकिंग में दूसरे और बुमराह चौथे नंबर पर बने हुए हैं। वहीं रैंकिंग में टॉप पर ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस बने हुए हैं।

 

#आईसीसी टेस्ट रैंकिंग्स

Source : Agency

पाठको की राय