Thursday, October 22nd, 2026

 रविचंद्रन अश्विन ने आज रिचर्ड हेडली का रिकॉर्ड तोड़ा ,कल कपिल के रिकॉर्ड पर होगी नजर 

मोहाली

भारत और श्रीलंका (IND Vs SL) के बीच खेले जा रहे मोहाली टेस्ट में रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने अपने नाम एक और रिकॉर्ड कर लिया है. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में रविचंद्रन अश्विन एक कदम और आगे बढ़ गए हैं. शनिवार को उन्होंने न्यूजीलैंड के लीजेंड सर रिचर्ड हेडली को पीछे छोड़ा. अब रविचंद्रन अश्विन के टेस्ट क्रिकेट में 432 विकेट हो गए हैं.

मोहाली टेस्ट के शुरू होने से पहले रविचंद्रन अश्विन के नाम 430 विकेट थे और वह सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में 12वें नंबर पर थे और अब वह एक पायदान आगे 11वें नंबर पर आ गए हैं. रविचंद्रन अश्विन ने मोहाली टेस्ट के दूसरे दिन दो विकेट लिए, उन्होंने 13 ओवर में 21 रन देकर ये विकेट निकाले.


कल तोड़ेंगे कपिल देव का रिकॉर्ड!

रविचंद्रन अश्विन के नाम 85 मैच में 432 विकेट हो गए हैं, जबकि सर रिचर्ड हेडली के नाम 86 मैच में 431 विकेट थे. रविचंद्रन अश्विन के सामने इस सीरीज़ में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है. अश्विन मैच के तीसरे ही दिन टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. इसके लिए रविचंद्रन अश्विन को तीन विकेट की ज़रूरत है.  

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट: (Most Wickets in test cricket)
1.    मुथैया मुरलीधरन- 800 विकेट
2.    शेन वॉर्न- 708 विकेट
3.    जेम्स एंडरसन- 640 विकेट
4.    अनिल कुंबले- 619 विकेट
5.    ग्लेन मैक्ग्राथ- 563 विकेट
6.    स्टुअर्ट ब्रॉड- 537 विकेट 
7.    कर्टनी वॉल्श- 519 विकेट
8.    डेल स्टेन- 439 विकेट
9.    कपिल देव- 434 विकेट
10.    रंगना हेराथ- 433 विकेट
11.    रविचंद्रन अश्विन- 432 विकेट
12.    रिचर्ड हेडली- 431 विकेट

आपको बता दें कि मोहाली टेस्ट में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 574 रनों का स्कोर बनाया. भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने 175, ऋषभ पंत ने 96 रनों की पारी खेली. बाद में श्रीलंका की बल्लेबाजी आई तो भारतीय स्पिनर्स का कमाल दिखा. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका का स्कोर 4 विकेट पर 108 रन था. श्रीलंका अभी भी 466 रन पीछे है. 

 

#Ravichandran Ashwin

Source : Agency

पाठको की राय