Wednesday, October 21st, 2026

रवि शास्त्री का ट्वीट हुआ वायरल, बोले- यह टूर्नामेंट भारतीय क्रिकेट की रीढ़ है

नई दिल्ली
टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने रणजी ट्रॉफी की वकालत करते हुए कहा है कि अगर इसको नजरअंदाज किया गया, तो इससे भारतीय क्रिकेट स्पाइनलेस (रीढ़हीन) हो जाएगा। 2021 टी20 वर्ल्ड कप के साथ ही रवि शास्त्री का हेड कोच के तौर पर कार्यकाल खत्म हो गया था, इसके बाद राहुल द्रविड़ ने भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच पद का संभाला है। शास्त्री का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कोरोना महामारी के कारण पिछले साल रद्द होने के बाद इस साल भी रणजी ट्रॉफी स्थगित करना पड़ा था। रणजी ट्रॉफी 13 जनवरी से खेली जानी थी, लेकिन कोरोना महामारी की तीसरी लहर के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हालांकि शास्त्री के ट्वीट के कुछ देर बाद ही ऐलान किया है कि इस बार रणजी ट्रॉफी दो फेज में कराया जाएगा। शास्त्री ने ट्वीट किया, 'रणजी ट्रॉफी भारतीय क्रिकेट की रीढ़ है। इसकी उपेक्षा करने पर आप रीढ़हीन हो जाएंगे।'

बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने गुरुवार को बोर्ड की बैठक के बाद कहा कि बोर्ड दो फेज में रणजी ट्रॉफी का आयोजन करेगा। इसकी वजह यह है कि 27 मार्च से आईपीएल शुरू हो रहा है और ऐसे में एक बार में रणजी ट्रॉफी करा पाना संभव नहीं है। बैठक में बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह भी मौजूद थे। बोर्ड का प्लान रणजी टृॉफी का पहला फेज फरवरी से मार्च और दूसरा फेज जून-जुलाई में कराने की है।

 

#Ravi Shastri

Source : Agency

पाठको की राय