Wednesday, October 21st, 2026

रवि शास्त्री को मिली नई जिम्मेदारी, बोले- यह मजेदार होने वाला है

नई दिल्ली
संन्यास ले चुके खिलाड़ियों के लिए अगले साल जनवरी में शुरू होने वाले लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) में भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री को आयुक्त के रूप में शामिल किया गया है। एलएलसी का पहला सीजन अगले साल जनवरी में खाड़ी के किसी देश में आयोजित होने वाला है। भारतीय क्रिकेट टीम के साथ कोच का कार्यकाल पूरा करने वाले शास्त्री ने कहा, ''क्रिकेट से जुड़े रहना बहुत अच्छा लगता है, खासकर खेल के उन दिग्गजों के साथ जो अपने चैम्पियन रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''यह गंभीर क्रिकेट के साथ काफी मजेदार भी होने वाला है। इन दिग्गजों को कुछ भी फिर से साबित नहीं करना है, लेकिन उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी होगी। मैं आपको गारंटी दे सकता हूं, यह देखना दिलचस्प होगा कि वे इसके साथ कैसे न्याय करते हैं।'' हालांकि अभी आयुक्त के तौर पर उनकी भूमिका का जिक्र नहीं है। इस 59 साल के पूर्व खिलाड़ी ने कहा, ''मैं लीजेंड्स लीग क्रिकेट का हिस्सा बनकर बेहद रोमांचित हूं।''

उन्होंने कहा, ''यह एक अनोखी पहल है और हमें इसका भविष्य काफी बेहतरीन दिख रहा हैं। लीग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर होंगे, जिसमें वे भारत, एशिया और शेष दुनिया की टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय टीम के पूर्व फिजियोथेरेपिस्ट एंड्रयू लीपस इससे निदेशक (खेल विज्ञान) के तौर पर जुड़े हैं। वे लीग से जुड़े खिलाड़ियों की फिटनेस का ख्याल रखेंगे।
 

 

#Ravi Shastri

Source : Agency

पाठको की राय