Wednesday, October 21st, 2026

रवि शास्त्री ने कोहली को दी सलाह, 2-3 महीने का क्रिकेट से लें ब्रेक

मस्कट (ओमान)
टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने पूर्व कप्तान विराट कोहली को एक खास सलाह दी है। शास्त्री का मानना है कि अगर विराट कोहली एक-दो सीरीज के लिए क्रिकेट से करीब दो-तीन महीने का ब्रेक ले लें तो वह आने वाले कम से कम तीन-चार साल और खतरनाक खिलाड़ी के तौर पर खेल सकते हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद विराट ने टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया। टी20 इंटरनेशनल टीम की कप्तानी वह टी20 वर्ल्ड कप 2021 के खत्म होते ही छोड़ चुके हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीकी दौरे से पहले उनसे वनडे टीम की कप्तानी भी ले ली गई थी। भारत की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों में टीम की अगुवाई करने वाले विराट सबसे सफल भारतीय टेस्ट कप्तान भी हैं। उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में टीम की कमान संभाली और 40 मैचों में जीत दिलाई। शास्त्री चाहते हैं कि विराट कोहली थोड़ा काम डाउन होकर अपनी बैटिंग पर फोकस करें। उनका मानना है कि विराट में अभी कम से कम पांच साल का अच्छा क्रिकेट बचा है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के साथ बातचीत के दौरान शास्त्री ने कहा, 'उसको इस बात का अहसास हुआ कि वह 33 साल का हो गया है, उसको समझ आया कि उसके अंदर अभी पांच साल का अच्छा क्रिकेट बचा है। अगर वह काम डाउन हो सकता है और अपनी बैटिंग पर फोकस कर सकता है, एक समय में एक मैच के बारे में सोचे और खेल से छोटा सा ब्रेक भी ले ले। मुझे लगता है कि अगर वह दो-तीन महीने का ब्रेक ले तो उसके लिए यह बेहतर होगा।' उन्होंने आगे कहा, 'इस ब्रेक के बाद वह टीम में लौटे और पूरी तरह किंग बनकर बल्लेबाजी करे। उसको पता हो कि टीम में उसका रोल क्या है। टीम प्लेयर की तरह खेले, मैं विराट को उस जगह पर देखना चाहता हूं।' विराट अब किसी भी टीम के कप्तान नहीं रह गए हैं, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की कप्तानी छोड़ चुके हैं।

 

 

#Ravi Shastri

Source : Agency

पाठको की राय