Sunday, October 25th, 2026

पटना साहिब-बिहार में रविशंकर और बेगूसराय में जीते गिरिराज, पाटलिपुत्र में मीसा से हारे रामकृपाल

पाटलिपुत्र/पटना.

बिहार के पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने जीत का सिलसिला कायम रखा है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव इस बार भाजपा को अपनी पाटलिपुत्र सीट तीसरी बार जीतकर नहीं दिला सके। रामकृपाल यादव को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती ने अप्रत्याशित अंतर से हराया। मीसा को शुरुआत में मनेर विधानसभा में लीड मिली और फिर ज्यादातर समय एक अंतर से वह आगे ही रहीं।

दोनों जीते प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र के लिए बुला लिया गया है। रविशंकर प्रसाद पहुंच चुके हैं, जबकि मीसा भारती लंबे काफिले के साथ आ रही हैं। उनका इंतजार हो रहा है। मीसा अब राज्यसभा सांसद का पद छोड़कर पाटलिपुत्र के लोकसभा सांसद की शपथ लेंगी। बेगूसराय लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री सह बीजेपी प्रत्याशी गिरिराज सिंह की जीत हुई है। आधिकारिक घोषणा बाकी है। आखिरी चरण में 52 हजार वोटों की गिनती बाकी है, जबकि गिरिराज सिंह 78 हजार की लीड पहले से बनाए हुए हैं। ऐसे में सीपीआई के अवधेश राय की हार सुनिश्चित है। बिहार के सुरक्षित गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र (17) में एक बार फिर से डॉ. आलोक कुमार सुमन को जनता ने अपना आशीर्वाद दिया है। लगभग 34 वर्ष के बाद यहां दूसरी बार कोई सांसद चुना गया है। जदयू के टिकट पर गोपालगंज की जनता ने डॉक्टर आलोक कुमार सुमन को 1,27,178 वोटों से विजय श्री का ताज पहना दिया। हालांकि पिछली बार की जीत की तुलना में इस बार जीत का अंतर कम रहा है। वहीं, वीआईपी उम्मीदवार प्रेमनाथ चंचल दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें 4,26,094 मत से ही संतोष करना पड़ा। इस बार भी पूर्व की तरह नोटा तीसरे नंबर पर रहा है। डॉ. आलोक कुमार सुमन की जीत के बाद उनके समर्थकों में काफी उत्साह देखा गया। उनके समर्थक लगातार उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।

 

#Bihar#Ravi Shankar#Giriraj#Ramkripal#Misa

Source : Agency

पाठको की राय