Tuesday, October 20th, 2026

Ram mandir: अयोध्या में 6 जगहों पर 2 महीने तक भंडारा करेगी छत्तीसगढ़ सरकार, रामलला दरबार में बंटेगा महाप्रसाद

रायपुर\लखनऊ.

500 साल के संघर्ष के बाद आज सोमवार को अयोध्या में अपने मूल स्थान पर प्रभु रामलला की विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। इससे पूरा देश राममय हो गया है। 25 जनवरी से 25 मार्च तक यानी दो महीने तक रामलला के दरबार अयोध्या में महाभंडारा किया जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दरबार में माता शबरी का प्रसाद बंटेगा। प्रदेश की 6 संस्थाएं 60 दिनों तक छत्तीसगढ़ और दूसरे प्रदेशों से आने वाले रामभक्तों को स्वादिष्ट भोजन का वितरण करेंगी।

अयोध्या में सरयू नदी और हनुमानगढ़ी के पास 6 संस्थाओं का भव्य पंडाल बनकर तैयार हो गया है। भंडारे के लिए भोजन बनाने वाले 30 रसोइयों और 100 कार्यकर्ताओं की टीम को बस से 24 जनवरी को दोपहर 12 बजे सीएम विष्णुदेव साय वीआईपी रोड स्थित रामजी मंदिर से रवाना करेंगे। ये बातें बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर रायपुर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहीं। इस कार्यक्रम के संयोजक विधायक धरमलाल कौशिक, सहसंयोजक लक्ष्मी वर्मा, वीरेंदर श्रीवास्तव, डॉ. ललित मखीजा हैं। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वर्मा ने कहा कि 24 जनवरी के कार्यक्रम जो राममंदिर में आयोजित होगा, उसमें कैबिनेट के सभी सदस्यों सहित सामाजिक और धार्मिक लोगों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

ये 6 समितियां देंगी सेवाएं ---
0- नीलांचल सेवा समिति बसना (संपत अग्रवाल, अमित अग्रवाल)
0- पुरुषोत्तम अग्रवाल फाउंडेशन रायपुर (बसंत अग्रवाल)
0- शिव महापुराण सेवा समिति तिल्दा नेवरा (महेश अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल, रामगोपाल अग्रवाल, एस एन शर्मा, देवेन्द्र अग्रवाल)
0- एग्रोक्रेट सोसायटी फॉर रूरल डेवलपमेंट रायपुर (धीरेन्द्र मिश्रा, चंद्रकांत चंद्रवंशी)
0- सनातन सेवा समिति रायपुर (निर्मल द्विवेदी)
0- काली माता अन्नदान भंडारा समिति और तक्षक इको फॉर्म फोरमदेव (दीपक भारद्वाज, गुड्डू त्रिपाठी, लाल सौर्यजीत सिंह, सुनील जग्गी)

 

#Mahaprasad distributed#Ramlala Darbar#government#organize bhandara#6 places in Ayodhya

Source : Agency

पाठको की राय