Wednesday, October 21st, 2026

शवों के साथ रैली... प्रत्याशी के साथ ममता की बातचीत का ऑडियो आया सामने

कोलकाता
पश्चिम बंगाल बीजेपी ने शुक्रवार को कथित तौर पर टीएमसी उम्मीदवार से ममता बनर्जी की बातचीत का ऑडियो क्लिप जारी किया है। इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी का दावा है कि ऑडियो क्लिप में ममता बनर्जी सीतलकूची से टीएमसी उम्मीदवार से कथित तौर पर यह कहती सुनाई देती हैं कि वह सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा चलाई गई गोली से मारे गए 4 लोगों के शवों के साथ रैलियां करें। वहीं, टीएमसी ने ऑडियो क्लिप को फर्जी करार दिया है। टीएमसी ने इसे लेकर कहा कि इस तरह की कभी कोई बात नहीं हुई। हालांकि, ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता का सत्यापन अभी नहीं हो सका है, जो चुनाव के 5वें चरण के मतदान की पूर्व संध्या पर जारी की गई है। बनर्जी और सीतलकूची विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पार्थ प्रतिम राय के बीच टेलीफोन पर हुई कथित बातचीत के अंश जारी करते हुए बीजेपी की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि ममता बनर्जी अपनी पार्टी के नेताओं से शवों के साथ रैलियां करने की बात कहकर दंगे भड़काने की कोशिश कर रही हैं।

बीजेपी का ममता पर निशाना
मालवीय ने कहा, 'वह (बनर्जी) अपनी पार्टी के उम्मीदवार से कह रही हैं कि मामला इस तरह का बनाया जाए कि पुलिस अधीक्षक (कूचबिहार) और केंद्रीय बलों के कर्मियों-दोनों को फंसाया जा सके। क्या किसी मुख्यमंत्री से ऐसी उम्मीद की जाती है? वह केवल अल्पसंख्यकों के वोट हासिल करने के लिए भय का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही हैं।' बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस तुच्छ राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोगों की मौत पर राजनीति कर रही है। उसे खुद पर शर्म आनी चाहिए।

मतदान केंद्र पर मारे गए थे 4 लोग
कूचबिहार जिले के सीतलकूची मतदान केंद्र पर 10 अप्रैल को चौथे चरण के मतदान के दौरान स्थानीय लोगों के कथित हमले और राइफल छीनने की कथित कोशिश के बाद केंद्रीय बलों की गोलीबारी में चार लोग मारे गए थे। बीजेपी के सूत्रों ने कहा कि पार्टी ऑडियो क्लिप के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग जाएगी। तथाकथित ऑडियो में बनर्जी राय से यह कहती सुनाई देती हैं कि मतदान खत्म होने तक गुस्सा शांत रखें। वह कथित तौर पर यह कहती सुनाई देती हैं, 'घबराइए मत। आप अगले दिन शवों के साथ रैली करने के इंतजाम करें और वकील से विमर्श करें तथा पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं जिससे कि न तो एसपी बच सके और न ही आईसी।' सीतलकूची से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार ने ऑडियो को फर्जी करार दिया। उन्होंने कहा, 'इस तरह की बातचीत कभी नहीं हुई। बीजेपी पांचवें दौर के मतदान से पहले लोगों को केवल गुमराह करने की कोशिश कर रही है।' पूर्व में, बनर्जी ने गोलीबारी को नरसंहार करार दिया था और इसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की साजिश बताया था। बंगाल में 8 चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव के तहत अब तक 4 दौर का मतदान हो चुका है और बाकी चरणों का मतदान 17 से 29 अप्रैल के बीच होगा।

 

 

#Rally with dead bodi

Source : Agency

पाठको की राय