Wednesday, October 21st, 2026

आशुतोष गोवारिकर की अपकमिंग फिल्म में रकुल प्रीत और फरहान अख्तर आएंगे नजर

डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर अपनी एक नई फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि उनकी इस अपकमिंग फिल्म में फरहान अख्तर और रकुल प्रीत सिंह नजर आएंगे। फरहान की ही प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा इस फिल्म का निर्माण किया जाएगा। खबरों की मानें तो इस फिल्म की शूटिंग दिसंबर में शुरू होने वाली है। एक सूत्र ने कहा, "फरहान और आशुतोष की इस एक्शन फिल्म का नाम 'पुकार' रखा गया है। यह जंगल की पृष्ठभूमि पर आधारित एक एक्शन फिल्म होगी। इस फिल्म में फरहान को एक वन रेंजर के किरदार में देखा जाएगा।" सूत्र ने आगे बताया कि फरहान एक ऐसे वन अधिकारी की भूमिका में दिखाई देंगे, जो जंगल की पेट्रोलिंग और रखवाली करता है। फिल्म में उनके अपोजिट किरदार के लिए रकुल प्रीत को चुना गया है। इस फिल्म को फरहान का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जा रहा है। रकुल प्रीत रॉनी स्क्रूवाला की फिल्म 'छत्रीवाली' को पूरा करने के बाद इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगी। साउथ के एक्टर जगपति बाबू को फिल्म में खलनायक की भूमिका के लिए कास्ट किया गया है। यह बॉलीवुड में उनकी डेब्यू फिल्म होगी। वह इस फिल्म में फरहान से लोहा लेते हुए दिखाई देंगे। दिलचस्प है कि इस फिल्म से 15 साल बाद फरहान के पिता जावेद अख्तर पटकथा लेखक के तौर पर वापसी करेंगे।

 

Source : Agency

पाठको की राय