Wednesday, October 21st, 2026

राजस्थान: भिवाड़ी में कार चलाने पर रोक, प्रदूषण को देखते हुए ईंट भट्टों को कराया गया बंद

जयपुर
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए राजस्थान में अलवर जिल के भिवाड़ी में कार चलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। शुक्रवार सुबह 6 बजे से आगामी आदेश तक यह आदेश लागू रहेगा । किसी कम्पनी या फैक्ट्री में काम के लिए कार उसी परिस्थिति में चलाई जा सकेगी, जब उसमें 5 लोग बैठे हुए हो। इससे कम लोग मिलने पर काम चालक के खिलाफ 500 रूपए का चालान काटा जाएगा । माल वाहक वाहन चल सकेंगे, लेकिन प्रदूषण करने वाले वाहनों का लगातार चालान किया जाएगा । अलवर के जिला कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया ने बताया कि कोयला और लकड़ी नहीं जलाने के लिए लोगों से कहा गया है। यदि फिर भी कोई व्यक्ति कोयला अथवा लकड़ी जलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी । अलवर जिले में ईंट भट्टों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। भिवाड़ी और अलवर में सड़कों पर पानी का छिड़काव भी किया जाएगा । राज्य के अलवर एवं भरतपुर जिलों में 10 से 15 साल पुराने डीजल व पेट्रोल के वाहनों को हटाने का भी निर्णय लिया गया है।

राज्य सरकार में पर्यावरण सचिव श्रेया गुहा ने बताया कि नवम्बर माह में अब तक एयर क्वालिटी का स्तर गिरा है,जो कि चिंताजनक है। उल्लेखनीय है कि राज्य में पिछले एक सप्ताह से बढ़ रहा प्रदूषण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। जयपुर, कोटा, अलवर और भरतपुर शहरों में एयर क्वालिटर इंडेक्स (एक्यूआई) 250 से लेकर 300 तक चल रहा है। एनसीआर में शामिल भिवाड़ी में दो दिन तक लगातार एक्यूआई 400 तक रहा । एक्यूआई के लिहाज से भिवाड़ी, भरतपुर, अलवर, जयपुर और कोटा को रेड जोन में रखा गया है।
 

 

#Rajasthan

Source : Agency

पाठको की राय