Wednesday, October 21st, 2026

30 रुपए बढ़ाकर 5 रुपए कम करना तो लॉलीपॉप है : भूपेश

रायपुर। पेट्रोल पर 5 रुपए का टैक्स घटाकर वाहवाही लूट रही केंद्र की भाजपा सरकार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने नया चैलेंज दिया है। भूपेश बघेल ने कहा है कि केंद्र सरकार अगर वाकई पेट्रोल के दाम कम करना चाहती है तो अपना टैक्स यूपीए सरकार की तरह कम करके बताए। उन्होंने कहा कि 5 रुपए की कमी तो लॉलीपॉप है। यूपीए की तरह टैक्स घटाएं तो हम इसका स्वागत करेंगे।

उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस हमेशा पेट्रोल की मूल्य वृद्धि का विरोध करती रही है। हम चाहते हैं कि दाम कम हों। मगर ये नहीं चलेगा कि 30 रुपए पहले दाम बढ़ा दें फिर 5 रुपए कम करें। देश में जब यूपीए की सरकार थी तब पेट्रोल पर 9 रुपए टैक्स लिया जाता था। अब 32 रुपए तक केंद्र सरकार लेती है। इसे 9 रुपए करें तो पेट्रोल लोगों को 50 से 60 रुपए में मिलने लगेगा।

सरकार के टैक्स घटाए जाने के बाद से ही छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार पेट्रोल के दामों पर विपक्ष का निशाना बनी हुई है। भाजपा की तरफ से जारी बयान में पूछा गया था कि केंद्र ने तो टैक्स में कटौती कर दी, भूपेश सरकार राज्य द्वारा लिए जाने वाले वैट को कम करके जनता को सस्ता पेट्रोल क्यों नहीं दे रही। इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि जो वैट छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के वक्त लगता था हम उतना ही ले रहे हैं, उसे बढ़ाया नहीं गया है। केंद्र सरकार यूपीए की तरह टैक्स कम करे तो जनता को राहत मिलेगी।

 

Source : Agency

पाठको की राय