बिहार में आफ़त की बारिश, विभिन्न जिलों में 20 लोगों की मौत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पटना
बिहार में सुखाड़ के बाद बारिश से किसानों को राहती मिली तो वहीं कई जगहों पर बारिश आफत भी बन गई। बिहार में वज्रपात की वजह से पिछले तीन दिनों में 20 लोगों की मौत हो गई। इस बाबत मौसम विभाग ने बिहार के कई ज़िलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वज्रपात की घटनाओं पर शोक व्यक्त की है। सीएम ने वज्रपात की वजह से जिन लोगों की मौत हुई है उसके आश्रितों को तत्काल प्रभाव से चार लाख रुपये के अनुग्रह अनुदान का निर्देश दिया है।
सीएम नीतीश कुमार ने की लोगों से अपील वज्रपात की वजह से कैमूर में सात लोगों की मौत हो गई, भोजपुर में चार और पटना में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं जहानाबाद में एक, रोहतास में एक, औरंगाबाद में एक, अरवल में एक और सिवान में एक सख्स की मौत हुई है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतने की लोगों से अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम की वजह से पर वज्रपात होने की संभावना रहती है। आपदा प्रबंधन विभाग की तरफ़ से बचाव के लिए समय-समय पर सुझाव जारी किए जाते हैं, सभी लोग सुझावों का अनुपालन करें। कोशिश करें की खराब मौसम में घरों से बाहर नहीं निकलें।
सोमवार के दिन भी हुई थी सात लोगों की मौत सोमवार के दिन बारिश के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में वज्रपात की वजह से सात लोगों की मौत हो गई थी। वज्रपात से तीन महिलाओं की भी जान चली गई। मिली जानकारी के मुताबिक भोजपुर जिला के ननौर गांव(सहार थाना क्षेत्र) की रहने वाली दो महिलाओं की वज्रपात से मौत हो गई। वहीं तीन और लोग भी ज़ख्मी हो गए। कैमूर जिले के भभुआ, सोनहन और चैनपुर थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें एक महिला और तीन अन्य लोग थे। सभी लोग रामपुर, महुअत और परसियां गांव के निवासी थे।

पाठको की राय