Wednesday, October 21st, 2026

राहुल को बनाया जाए कांग्रेस अध्यक्ष, NSUI ने पास किया प्रस्ताव

कांग्रेस की छात्र इकाई, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया एनएसयूआई ने रविवार को एक प्रस्ताव पास किया। इस प्रस्ताव में राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग की गई है। अपने दो दिवसीय नेशनल एग्जीक्यूटिव ‘संकल्प’ के बाद एनएसयूआई ने एक स्वर में यह प्रस्ताव पास किया। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही यूथ कांग्रेस ने भी राहुल गांधी के लिए इसी तरह का प्रस्ताव पास किया था। एनएसयूआई के बयान में कहा गया है कि राहुल गांधी ही वह ईमानदार नेता हैं, जिन्होंने छात्रहित की बात की। उन्होंने छात्रों की भलाई के लिए आवाज उठाई। साथ ही छात्रों से जुड़े मसलों पर जरूरी समर्थन भी जुटाया। इस बयान में यह भी कहा गया है कि राहुल गांधी ही छात्रों को ढंग से न्याय दिला सकते हैं। एकमात्र वही नेता हैं जो छात्रहित में लोकतंत्र और पारदर्शिता का ख्याल रख सकते हैं।  इस बयान में आगे कहा गया है कि हम भारतीय छात्रों के प्रति राहुल गांधी के समर्पण की तारीफ करते हैं। यह हमें ताकत देता और उनके नेतृत्व में भरोसा पैदा करता है। एनएयूआई ने आगे कहा है कि हमें यकीन है राहुल गांधी के नेतृत्व में एक शांतिप्रिय समाज की स्थापना हो सकती है। साथ ही यह भी कहा गया कि राहुल गांधी के रहते छात्र खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। इसमें राहुल की गार्जियनशिप और उनके विजनरी नेतृत्व की तारीफ भी की गई है। वहीं एनएसयूआई के जनरल सेक्रेट्री विशाल चौधरी ने टि्वटर पर एनएसयूआई में पारित प्रस्ताव का समर्थन किया।
 

 

#Rahul

Source : Agency

पाठको की राय