Thursday, October 22nd, 2026

राहुल गांधी ने मीडिया के सामने आकर दावा किया कि इंडिया गठबंधन की जीत निश्चित, मूसेवाला का गाना सुनो, पता चल जाएगा

नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव 2024 के रिजल्ट से तीन दिन पहले एग्जिट पोल सामने आए। तमाम चैनलों के सर्वे ने भाजपा के पूर्ण बहुमत की भविष्यवाणी की है। कई सर्वे में एनडीए के 400 पार का नारा भी मुमकिन दिख रहा है। हालांकि सर्वे को झूठ बताते हुए इंडिया गठबंधन का दावा है कि 4 जून को मोदी सरकार नहीं बनने वाली। रविवार को इंडिया गठबंधन की मीटिंग के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मीडिया के सामने आकर दावा किया कि इंडिया गठबंधन की जीत निश्चित है। राहुल गांधी से जब पूछा गया कि उन्हें कितनी सीट जीतने का अनुमान है? जवाब में राहुल ने कहा- आपने सिद्धू मूसेवाला का गाना सुना है, उतनी।

कांग्रेस नेता और रायबरेली से पार्टी के उम्मीदवार राहुल गांधी ने एग्जिट पोल की भविष्यवाणी को पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने कहा, "यह एग्जिट पोल नहीं है, मोदी मीडिया पोल है। यह उनका फैंटेसी पोल है।" जब उनसे इंडिया गठबंधन की सीटों की संख्या के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "क्या आपने सिद्धू मूसेवाला का गाना 295 सुना है? उतनी।"

इससे पहले शनिवार को भी कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे ने भी विपक्षी नेताओं संग बैठक के बाद दावा किया था कि इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 जीतने वाला है। उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि हमने नेताओं से और जनता के बीच जाकर चर्चा की। इसलिए हम विश्वास से कह सकते हैं कि इंडिया अलायंस को इस बार 295 से ज्यादा सीटें मिलेंगी।

गौरतलब है कि शनिवार रात एग्जिट पोल में सभी प्रमुख सर्वेक्षणों में 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की शानदार जीत का अनुमान लगाया गया है। भाजपा और उसके सहयोगियों के एक बार फिर 300 सीटों का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है, जिसमें दक्षिणी राज्यों में बड़ी बढ़त शामिल है, जहां भाजपा न केवल वोट शेयर बल्कि ज्यादा सीटें हासिल कर सकती हैं।

 

 

#Rahul Gandhi

Source : Agency

पाठको की राय