भोपाल जिले के ग्रामीण इलाकों में 7 साल बाद लगी कतारें
भोपाल
प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत शनिवार सुबह सात बजे से भोपाल जिले के ग्रामीण इलाकों में वोटिंग का काम शुरू हो गया है। दोपहर तीन बजे तक वोटिंग होगी। ऐसे में सात साल बाद पंचायतों से जुड़ी संस्थाओं को प्रतिनिधि मिलेंगे। भोपाल के फंदा व बैरसिया ब्लॉक में 575 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जबकि 115 बूथ रिजर्व रखे गए हैं। यहां 3 हजार उम्मीदवारों के लिए करीब सवा लाख मतदाता मतदान कर रहे हैं। भोपाल जिले में पंच, सरपंच, जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा। नतीजे 14 जुलाई को आएंगे। सुबह कलेक्टर अविनाश लवानिया, सीईओ ऋतुराज सिंह और एसडीएम हुजूर आकाश श्रीवास्तव ने रातीबड़ क्षेत्र की कलखेड़ा पंचायत में मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
दर्जनों पोलिंग बूथ अति संवेदनशील और संवेदनशील
जिले में बैरसिया क्षेत्र में कुल 309 मतदान केंद्र है। इसमें 205 सामान्य, 91 संवेदनशील और 13 अति संवेदनशील केंद्र हैं। फंदा में कुल 266 मतदान केंद्र हैं। यहां पर 243 सामान्य, 15 संवेदनशील और 8 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर 700 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। अति संवेदनशील और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस को मुश्तैद किया गया है। मतदाताओं को वोटर स्लिप, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, भू-अधिकार एवं ऋण पुस्तिका, राशन कार्ड, किसान डाकघर पासबुक सहित अन्य दस्तावेज लाकर वोट डाल सकते हैं।

पाठको की राय