Wednesday, October 21st, 2026

Punjab News: पंजाब में बिना ड्राइवर पटरी पर दौड़ी मालगाड़ी, फिरोजपुर मंडल में मचा हड़कंप

कठुआ/पठानकोट.

जम्मू के कठुआ स्टेशन पर रुकी एक मालगाड़ी अचानक पठानकोट की ओर ढलान के कारण बिना ड्राइवर के चलने लगी। ट्रेन को होशियारपुर के ऊंची बस्सी के पास रोका गया। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक घटना सुबह साढ़े सात बजे की है। मालगाड़ी में दो इंजन भी लगे थे। बिना ड्राइवर के ट्रेन चलने की सूचना मिलते ही पूरे फिरोजपुर मंडल में हड़कंप मच गया और जम्मू तवी लाइन के स्टेशनों पर इमरजेंसी हूटर बजने लगे।

आनन फानन एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को भी मालगाड़ी के पीछे रवाना किया गया। इसके बाद मालगाड़ी को उच्ची बस्सी में रोका गया। ट्रेन का एक इंजन बंद था और दूसरा इंजन चल रहा था। मालगाड़ी कठुआ से होशियारपुर के ऊंची बस्सी तक 70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ी। इसकी जानकारी मिलते ही अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि बड़ी जद्दोजहद के बाद अधिकारियों ने मालगाड़ी को रोकने में सफलता हासिल की। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह जम्मू के कठुआ रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी खड़ी थी और उसका इंजन चालू था। इसी बीच लोको पायलट इंजन से नीचे उतर गया। इतने में मालगाड़ी बिना लोको पायलट के ही दौड़ने लगी।

अधिकारियों ने इसे पहले पठानकोट में रोकने की कोशिश की लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। एहतियात के तौर पर पठानकोट रेलवे स्टेशन पर लाइन को क्लीयर किया गया। इसके अलावा पठानकोट को जाने वाली सभी ट्रेनों को रोका गया। मालगाड़ी को मुकेरियां के पास भी रोकने की कोशिश की गई। यहां भी कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद ऊंची बस्सी के पास ट्रेन के रुकने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। 

 

#Panic created#Firozpur division#goods train ran#tracks without driver#Punjab

Source : Agency

पाठको की राय