Friday, October 23rd, 2026

मनेन्द्रगढ़ में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री का सजा दरबार, हनुमंत कथा के बहाने भाजपा का चुनाव प्रचार

मनेन्द्रगढ़/चिरमिरी.

भले ही जात-पात से ऊपर उठकर और धर्म से परे राजनीति की बात होती रहती हो, लेकिन धर्म को लेकर राजनीति की बानगी देखने को मिल ही जाती है। मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के चिरमिरी में धर्म की आड़ में राजनीति की तस्वीर सामने आई है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चिरमिरी के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में हनुमंत कथा करने पहुंचे थे।

धीरेंद्र शास्त्री के साथ उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी पहुंचे थे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, भाजपा विधायक रेणुका सिंह, भैयालाल राजवाड़े, प्रणव मरपच्ची के साथ ही कोरबा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय भी मौजूद थी। स्टेडियम में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथावाचन कर रहे थे तो भाजपाई धीरेंद्र शास्त्री को सुनने आये हुए लोगों को भाजपा का गमछा पहनाकर कोरबा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय के चुनाव प्रचार का पैम्फलेट बांट रहे थे। कार्यक्रम में चुनाव आयोग के अधिकरियों की भी नजर थी, लेकिन इसके बाद भी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथा स्थल पर कोरबा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय का खुलेआम चुनाव प्रचार हो रहा था।

कथा स्थल पर ही भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय के पोस्टरों से बस और प्रचार वाहन भी था। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा जो भी सुनने आ जा रहे थे। उन्हें भाजपा कार्यकर्ता पकड़ पकड़कर भाजपा का गमछा पहना रहे थे। चुनाव प्रचार का पैम्फलेट पकड़ा रहे थे। वहीं पूरे कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भी भाजपा नेता सक्रिय दिखाई दिए।

 

#BJP campaign#Dhirendra Shastri#Bageshwar Dham

Source : Agency

पाठको की राय