Wednesday, October 21st, 2026

जनता इस आम चुनाव में जेसीसीजे को देगी आशीर्वाद : गुलाब राज

रायपुर.

मरवाही विधानसभा क्षेत्र से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी पार्टी के प्रत्याशी आदिवासी नेता गुलाब राज ने कहा कि मरवाही एवं छत्तीसगढ़ के लोगों के दिलों में अजीत जोगी का राज चलता था। ऐसे में इस विधानसभा चुनाव में मरवाही के लोग उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने जनता छत्तीसगढ़ कांग्रेस जोगी पार्टी को हल चलाता किसान छाप में वोट देंगे। आज जेसीसीजे प्रत्याशी के रूप में गुलाब राज मरवाही विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरने जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे जहां पर नामांकन भरने के बाद पत्रकारों से बातचीत में गुलाब राज आत्मविश्वास से लबरेज थे।

उन्होंने कहा कि मरवाही उपचुनाव में जो कसक रह गई थी उसे मरवाही क्षेत्र की जनता इस आम चुनाव में जेसीसीजे प्रत्याशी को हल चलाता किसान में वोट देकर पूरा करेगी। यह स्वर्गीय अजीत जोगी को मरवाही क्षेत्र की श्रद्धांजलि होगी। गुलाब राज ने कहा कि मरवाही क्षेत्र की अस्मिता एवं सम्मान के लिए यहां के सभी आदिवासी भाई मेरे साथ हैं। जेसीसीजे में उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर उपजे असंतोष के सवाल पर जीसीसीजे प्रत्याशी गुलाब राज ने कहा कि सभी पार्टी में विरोधाभास या गतिरोध होता रहता है अभी जो कुछ चल रहा है उसका विकल्प हमारे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रेणु जोगी एवं प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी निकाल लेंगे। एक सवाल के जवाब में गुलाब राज ने कहा कि कांग्रेस में जो भी 26 आदिवासी नेता कांग्रेस की टिकट मांग रहे थे वह सभी मेरे साथ हैं। 15 प्रत्याशी तो कांग्रेस छोड़कर  मेरे साथ में चल रहे हैं वही बाकी लोग भी साथ में है तथा मरवाही की अस्मिता एवं सम्मान के लिए मुझे वोट दिलाएंगे।

वर्ष 2018 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर स्वर्गीय अजीत जोगी से जमानत जब्त कराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब पिता और पुत्र की लड़ाई हो तो पुत्र को ही हारना चाहिए । जोगी जी एक राष्ट्रीय नेता थे उनसे कोई भी चुनाव लड़ता जमानत जब्त ही होनी थी। गुलाब राज ने कहा कि मरवाही क्षेत्र की जनता समय की तासीर को अच्छी तरह से समझती है तथा योग्य व्यक्ति को सोच समझकर अपने प्रतिनिधि बनने का अवसर देती है।

 

#Jogi Congress claims

Source : Agency

पाठको की राय