Sunday, October 25th, 2026

दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये जन-जागृति जरूरी - एसीएस डॉ. राजौरा

भोपाल
अपर मुख्य सचिव, गृह डॉ. राजेश राजौरा ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये जनता को जागरूक करने की व्यापक रणनीति बनाने को निर्देशित किया है। डॉ. राजौरा ने मंत्रालय में राज्य सड़क सुरक्षा क्रियान्वयन समिति की बैठक में उक्त निर्देश दिये। उन्होंने बैठक में कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिये सभी आवश्यक उपाय शासन स्तर से किये जायेंगे। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं नोडल अधिकारी पीटीआरआई डी.सी. सागर ने बैठक में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये शासन स्तर से किये जाने वाले उपायों को पीपीटी द्वारा प्रस्तुत किया।

डॉ. राजौरा ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये शैक्षणिक संस्थाओं के एनसीसी, एनएसएस, स्काऊट-गाइड इत्यादि के साथ ही स्वयंसेवी संगठनों को जोड़ने के लिये कहा है। उन्होंने कहा कि इनके सहयोग से अधिकतम जागरूकता का प्रसार किया जा सकता है। जनता को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी लाई जा सकती है। डॉ. राजौरा ने कहा कि जनता में नियमों का पालन नहीं करने की प्रवृत्ति को अनुशासन द्वारा ही परिवर्तित कर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

डॉ. राजौरा ने बैठक में ट्रैफिक रूल्स के परिपालन के मॉनीटरिंग सिस्टम को सशक्त बनाने के लिये आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने कहा है कि स्मार्ट सिटी में ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को सशक्त कर समुचित सकारात्मक परिणाम प्राप्त किये जा सकते हैं। डॉ. राजौरा ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये पीटीआरआई एवं मेनिट द्वारा साइन किये गये एमओयू की भाँति ही अन्य विभागों को भी जोड़ने के लिये कहा है। उन्होंने प्रदेश में जिला स्तर पर सड़क सुरक्षा समितियों की बैठकें नियमित कराने के निर्देश दिये।

बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी एजेंसियों के नोडल अधिकारियों उपस्थित थे।

 

#ACS Dr. Rajoura

Source : Agency

पाठको की राय