पीएससी मुख्य परीक्षा 2020 की समय-सारणी घोषित
रायपुर
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा-2020 के लिए समय-सारणी की घोषणा कर दी है और परीक्षाएं 18 से 21 जून तक होंगी। लेकिन कोरोना संक्रमण की स्थिति यदि नियंत्रित नहीं हुई तो परीक्षा की तारीख में बदलाव किया जा सकता है। समय-सारणी के तहत 18 से 20 तक दो पालियों में जबकि 21 जून को एक पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पहली पाली सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और फिर दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक चलेगी। पहले दिन का पहला पेपर भाषा और दूसरा पेपर निबंध का होगा। इसके बाद विषयवार परीक्षाएं होंगी। आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद आयोग प्रवेश-पत्र और परीक्षा केंद्र की व्यवस्था करेगा। आयोग की मुख्य परीक्षा-2020 के लिए आॅनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे से आवेदन के लिए आयोग के वेब पोर्टल को ओपन कर दिया गया।
मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 मई (रात 11.59 बजे) तक है। उम्मीदवारों आॅनलाइन आवेदन में त्रुटियों को सुधार भी कर सकेंगे। आवेदन में त्रुटियों को सुधारने के लिए अभ्यर्थियों को 9 मई की रात 12 बजे से 15 मई की रात 11.59 बजे तक अवसर दिया जाएगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी उम्मीदवार एक बार ही आवेदन में सुधार कर सकेंगे। इसके लिए 30 रुपए के साथ अलग से जीएसटी चार्ज बतौर पोर्टल शुल्क देना होगा।

पाठको की राय