Wednesday, October 21st, 2026

बरेली में मौलाना तौकीर रजा के विवादित बयान को लेकर भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों का विरोध लगातार जारी: शहजाद पूनावाला

नई दिल्ली
बरेली में मौलाना तौकीर रजा के विवादित बयान को लेकर भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों का विरोध लगातार जारी है। अब इसको लेकर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मौलाना के विवादित बयान पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस और इंडी एलायंस को घेरा है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोहब्बत की दुकान की बात करने वाले राहुल गांधी, नफरत के भाईजान पर क्यों चुप हैं।

प्रियंका गांधी को घेरते हुए पूनावाला ने कहा, लड़की हूं लड़ सकती हूं के बड़े-बड़े नारे देने वाली प्रियंका गांधी तौकीर रजा के साथ दिखाई देती हैं। इसने 2022 में कांग्रेस ज्वाइन की थी। कांग्रेस अपने वोट बैंक के चलते इन जहरीले मौलानाओं पर कुछ नहीं बोलती है। भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा, ये वही कांग्रेस पार्टी है जो हिंदू को हिंसक कहती है, सनातन को बीमारी मानती है। कांग्रेस कहती है राम जन्मभूमि आंदोलन समाप्त हो गया। रजा के बयान पर पार्टी के सेक्युलर साइलेंस का कारण वोट बैंक है। नफरती मौलाना ने पहले भी नफरती बातें कही थी कि मुसलमान युवक गृह युद्ध करेंगे। कांग्रेस नफरती मौलानाओं के साथ प्यार दिखाती है। आगे तौकीर रजा पर सख्त कार्रवाई होगी।

बता दें कि इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के मुखिया मौलाना तौकीर रजा ने 15 जुलाई को विवादित बयान देते हुए कहा था कि वो बरेली में हिंदू युवक-युवतियों का धर्म परिवर्तन कर इस्लाम में प्रवेश कराएंगे और फिर उनकी शादी मुस्लिम लड़के-लड़कियों से कराएंगे। तौकीर रजा के इस बयान के बाद से बवाल जारी है। तमाम हिंदू संगठन इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि ऐसे हिंदू लड़के और लड़कियों की सामूहिक शादी का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बरेली के नगर मजिस्ट्रेट से आगामी 21 जुलाई को सामूहिक शादी कार्यक्रम आयोजन की अनुमति भी मांगी थी।

 

#BJP spokesperson Shahzad Poonawala

Source : Agency

पाठको की राय