Friday, October 23rd, 2026

मुरादाबाद रेल मंडल की 11 पैसेंजर ट्रेनों को चलाने का प्रस्ताव, रेलवे बोर्ड की मुहर लगना बाकी

मुरादाबाद
दैनिक रेलयात्रियों के लिए राहत की खबर है। मुरादाबाद मंडल मुख्यालय ने रेलवे बोर्ड को मंडल की 11 पैसेंजर ट्रेनों को शुरू करने का प्रस्ताव भेजा है। इसमें लखनऊ-सहारनपुर, गजरौला-नजीबाबाद पैसेंजर समेत कई मुख्य ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे बोर्ड की मुहर लगने पर जून के अंत में इनका परिचालन शुरू हो सकता है। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह प्रस्ताव तैयार करके भेजा है।

प्रस्ताव में लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर, गजरौला-नजीबाबाद पैसेंजर, दिल्ली-बरेली पैसेंजर, सीतापुर-कानपुर पैसेंजर, खुर्जा-मेरठ पैसेंजर, बुलंदशहर-तिलकब्रिज पैसेंजर, बालामऊ-लखनऊ पैसेंजर आदि ट्रेनें शामिल हैं। कोरोना कर्फ्यू के खत्म होने के बाद से ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है। दिल्ली, पंजाब की ट्रेनों में भीड़ देखने को मिल रही है। तो वहीं पूर्वांचल के जनपदों से भी श्रमिक और देश के विभिन्न प्रातों में ईंट भठ्ठों पर काम करने वाले मजदूर काम बंद होने के कारण अपने घरों को लौट रहे हैं।

इसके अलावा विभिन्न कंपनियों द्वारा वर्क फ्रॉम होम समाप्त कर दिया गया है। जिसके चलते मुरादाबाद और आसपास से दिल्ली-गाजियाबाद तक रोजाना यात्रा करने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है। इस आधार पर रेलवे ने एक सर्वे के बाद बोर्ड को प्रस्ताव भेजकर मंडल में 11 पैसेंजर ट्रेनें शुरू करने की अनुमति मांगी है। हालांकि रेलवे ने अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

प्रस्ताव में शामिल पैसेंजर ट्रेनों की सूची

  • गाड़ी संख्या    कहां से कहां तक
  • 04251-52  सहारनपुर-लखनऊ-सहारनपुर
  • 04377-78   बरेली-प्रयागराज-बरेली
  • 04461-62    बरेली-बांदीकुई-बरेली
  • 04075-76   सीतापुर-दिल्ली-सीतापुर
  • 04463-64   ऋषिकेश-चंदौसी-बांदीकुई-ऋषिकेश
  • 04475-76   हरिद्वार-दिल्ली-हरिद्वार
  • 05403-04    खुर्जा-मेरठ-खुर्जा
  • 04381-82    गजरौला-नजीबाबाद-गजरौला
  • 04325-26    सीतापुर-कानपुर-सीतापुर
  • 04331-32     बालामऊ-लखनऊ-बालामऊ
  • 05567-68     बुलंदशहर-तिलक ब्रिज-बुलंदशहर

 

#मुरादाबाद रेल मंडल

Source : Agency

पाठको की राय