Friday, October 23rd, 2026

हरदा का उत्तरोत्तर होगा विकास : कृषि मंत्री पटेल

भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने बुधवार को हरदा क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न गाँव में 22 करोड़ 79 लाख 64 हजार रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हरदा क्षेत्र के उत्तरोत्तर विकास में कोई कमी नहीं रहने देंगे। अधोसंरचनात्मक विकास के कार्य निर्बाध गति से जारी रहेंगे।

मंत्री पटेल ने हरदा के ग्राम अबगाँव-कलाँ, हंडिया, भमोरी, गजाखेड़ी, खेड़ीनीमा, कुंजरगाँव, रिजगाँव, भैरोपुर, भुन्नास, अबगाँव-खुर्द गाँव का दौरा कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने जल जीवन मिशन में नल-जल योजनाओं का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया।

मंत्री पटेल ने अबगाँव-कलाँ में प्रधानमंत्री ग्राम-सड़क योजना में 4 करोड़ 39 लाख रुपये की राशि से 5.62 किलोमीटर, हंडिया से अबगाँव-खुर्द की 13 करोड़ 33 लाख रुपये की राशि से 20.45 किलोमीटर, कुंजरगाँव में 3 करोड़ 38 लाख रुपये की 3.36 किलोमीटर की सड़क और खेड़ीनीमा में 9 लाख रुपये की सी.सी. रोड के कार्यों का भूमि-पूजन किया। मंत्री पटेल ने कुंजरगाँव में 44.68 लाख रुपये और भमोरी में 11 लाख 58 हजार रुपये की नल-जल योजना और 10 लाख रुपये के तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।

रोजगार दिवस पर दी बधाई

मंत्री पटेल ने हरदा के पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित रोजगार दिवस पर उपस्थित हितग्राहियों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सरकार आत्म-निर्भरता के लिये विभिन्न योजनाएँ संचालित कर रही है। मंत्री पटेल ने आव्हान किया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ-विक्रेता योजना, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन से लाभान्वित होकर स्वयं का रोजगार स्थापित करने के साथ दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करायें।

 

 

#मंत्री कमल पटेल

Source : Agency

पाठको की राय