जनकल्याण और सुराज के 20 वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित
उज्जैन
गुरूवार को जनकल्याण और सुराज के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला स्तर पर कार्यक्रम बृहस्पति भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के हितग्राहियों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह के पेंशन सर्टिफिकेट तथा खाद्यान्न पात्रता पर्ची वितरित की गई।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण इस अवसर पर किया गया। उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विवेक जोशी, विशिष्ट अतिथि बहादुरसिंह बोरमुंडला, एडीएम संतोष टैगोर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती गरिमा रावत सहित कृषि, खाद्य विभाग और जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी गौतम अधिकारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर के मध्य विभिन्न विभागों द्वारा चलाये गये कल्याणकारी कार्यक्रमों के अन्तर्गत नागरिकों को अधिक से अधिक सहायता पहुंचाने के लिये कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में गुरूवार 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के नवीन प्रकरण स्वीकृति एवं राशि वितरण तथा योजना से लाभान्वित बच्चों से भेंट, अन्न उत्सव के सभी पात्र हितग्राहियों को राशन वितरण, मुख्यमंत्री जनसेवा तथा मोबाइल गवर्नेंस सेवाओं का विस्तार और कोविड अनुकंपा नियुक्ति योजना में नियुक्ति-पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
श्री विवेक जोशी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वे जन्म दिवस के अवसर पर सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन 7 अक्टूबर तक किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश चहुंमुखी तरक्की कर रहा है। उनके सुराज के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश शासन द्वारा निरन्तर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। सरकार द्वारा समाज के अन्तिम पंक्ति के व्यक्ति का ध्यान रखने और उन्हें सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने का कार्य किया जा रहा है।
श्री बहादुरसिंह बोरमुंडला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस को सेवा और समर्पण दिवस के रूप में हमने मनाया। सेवा और समर्पण अभियान निरन्तर जारी रहेगा। गरीबों को मुफ्त राशन वितरण का कार्य सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री चौहान के सफल नेतृत्व में हमने कोविड पर प्रभावी नियंत्रण किया है। बोरमुंडला ने सभी हितग्राहियों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी।
इसके पश्चात अतिथियों द्वारा मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के तहत छह बच्चों को प्रतीकात्मक रूप से पेंशन प्रमाण-पत्र और खाद्यान्न पात्रता पर्ची का वितरण किया गया। इसमें न्यू इंदिरा नगर निवासी महावीर चौहान, सरस्वती नगर आगर रोड निवासी पूजा अंधेरिया, बेगमबाग निवासी जीनत कुरैशी, तराना के ग्राम सादबा निवासी महेश परमार, राधा परमार और ग्राम कायथा निवासी जयेश कारपेंटर को प्रमाण-पत्र वितरित किये गये।
इसके अलावा कृषि विभाग द्वारा लखन सोलंकी पिता स्व.माधवलाल सोलंकी ग्राम लोहारी तहसील खाचरौद को अनुकंपा नियुक्ति-पत्र और जल संसाधन विभाग द्वारा श्रीमती मिताली सस्तिया को अनुकंपा नियुक्ति-पत्र अतिथियों के माध्यम से प्रदाय किये गये। कार्यक्रम का संचालन सुश्री प्रियंका त्रिपाठी और आभार प्रदर्शन सहायक संचालक साबिर अहमद सिद्धिकी द्वारा किया गया।

पाठको की राय