बचपन के बीमार दोस्त से मिलने जाएंगे राष्ट्रपति, प्रेसीडेंशियल ट्रेन से आज पहुंचेंगे कानपुर
कानपुर
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम प्रेसीडेंशियल ट्रेन से कानपुर पहुंचेंगे। विशेष सैलून शाम 7:55 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचेगा। यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उनका स्वागत करेंगी। आगवानी के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी पहुंचने की संभावना है। चार कोच वाली विशेष ट्रेन शाम 7:55 बजे प्रेसीडेंशियल ट्रेन कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। यहां से राष्ट्रपति सीधे सर्किट हाउस सड़क मार्ग से रवाना हो जाएंगे। सर्किट हाउस में ही डिनर करेंगे। शुक्रवार को यहां किसी से मुलाकात नहीं होगी। राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद, बेटी स्वाति और बेटा प्रशांत कोविंद भी आ रहे हैं।
बचपन के दोस्त से मिलने जाएंगे :
राष्ट्रपति अपने बचपन के मित्र कृष्ण कुमार अग्रवाल से मिलने उनके घर जाएंगे। वह काफी समय से बीमार चल रहे हैं। कपड़ा कारोबारी कृष्ण कुमार अग्रवाल से राष्ट्रपति की बचपन की दोस्ती है। सर्किट हाउस से 26 जून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सिर्फ अपने बचपन के दोस्त और कानपुर कपड़ा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल से मिलने के लिए खुद उनके घर जाएंगे। बाकी सभी लोग राष्ट्रपति से मिलने के लिए सर्किट हाउस पहुंचेंगे। गोल्फ क्लब के करीब रहने वाले कृष्ण कुमार अग्रवाल बीमार हैं। इसलिए वह राष्ट्रपति से मिलने के लिए सर्किट हाउस नहीं आ सकते हैं। राष्ट्रपति के कृष्ण कुमार के घर जाने की सूचना आ गई है। इसके बाद जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। भारी सुरक्षा के बीच राष्ट्रपति करीब आधे घंटे रुककर सर्किट हाउस आ जाएंगे। अग्रवाल के घर जाकर अफसरों ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था को देखा। आस-पास इलाके की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया।

पाठको की राय