अध्यक्ष खंडेलवाल की पहली कार्यसमिति बैठक 30-31 अगस्त को, ओरछा में बनेगी मिशन-2028 की रणनीति
ओरछा
मध्यप्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 और 31 अगस्त को ओरछा में होगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अध्यक्षता में होने वाली यह पहली कार्यसमिति बैठक होगी। इसमें विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर पार्टी की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। साथ ही संगठन को और मजबूत करने के लिए आगे की योजना तैयार होगी। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और प्रदेश पदाधिकारियों समेत करीब 400 नेता शामिल होंगे। बैठक की तैयारियों और एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए 25 अगस्त को प्रदेश भाजपा की बैठक होगी।
युवाओं पर रहेगा खास फोकस
कार्यसमिति में युवाओं के साथ जेन-जी और जेन-अल्फा को पार्टी से जोड़ने पर विशेष चर्चा होगी। युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और उनसे संवाद के नए तरीके तलाशने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा सकती है। इसके अलावा सहकारिता, नगरीय निकाय चुनाव और दूसरे राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। सरकार के कामकाज और संगठन की गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी।
तैयारियों को लेकर ओरछा में हुई बैठक
शनिवार को ओरछा में संगठन के बड़े पदाधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक विशेष बैठक की। इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह और उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
पूरी बैठक की व्यवस्थाओं की मुख्य जिम्मेदारी गौरव रणदिवे और शैलेन्द्र बरूआ को सौंपी गई है, जो सभी इंतजामों की खुद निगरानी कर रहे हैं।
प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
इस कार्यसमिति बैठक के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार के ऐतिहासिक कामों पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी को तैयार करने और इसकी पूरी कमान संभालने की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेता लोकेन्द्र पाराशर को दी गई है।
इसके साथ ही, दो दिवसीय बैठक के दौरान रात्रिकालीन समय में अतिथियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
ओरछा में 400 कमरों की बुकिंग
बैठक में आने वाले अतिथियों के लिए दो विशेष प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं। ओरछा रेलवे स्टेशन से लेकर होटल तक नेताओं को ससम्मान पहुंचाने के लिए विशेष परिवहन की व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ होगी, जिसके बाद सभी नेता प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और फिर अपना पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराकर मुख्य सभागार में प्रवेश करेंगे। इस बैठक के लिए ओरछा क्लब एंड रिजॉर्ट, ओरछा पैलेस सहित विभिन्न होटलों में करीब 400 कमरे बुक कराए गए हैं।
करीब 400 नेता होंगे शामिल
इस कार्यसमिति की कुल सदस्य संख्या की बात करें, तो इस बार प्रदेश कार्यसमिति में कुल 106 नियमित सदस्यों को शामिल किया गया है। इसके अलावा, संगठनात्मक संतुलन और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ लेने के लिए पार्टी ने 41 विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी इस कार्यसमिति का हिस्सा बनाया है।
इस तरह मुख्य सूची और आमंत्रितों को मिलाकर यह संख्या करीब 150 के पास पहुंचती है, लेकिन पदेन सदस्यों (सांसद, विधायक और अन्य) को जोड़ने के बाद पूरी बैठक में करीब 350 से 400 नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
ये नेता रहेंगे
बैठक के मुख्य मंच पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल के तमाम कद्दावर कैबिनेट व राज्य मंत्री इस बैठक का हिस्सा बनेंगे, जिनमें प्रमुख रूप से तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, कुंवर विजय शाह, नारायण सिंह कुशवाहा, प्रद्युम्न सिंह तोमर और कृष्णा गौर जैसे दिग्गज अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
इनके साथ ही मध्य प्रदेश से आने वाले सभी केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्य के सभी भाजपा लोकसभा व राज्यसभा सांसद और विधायक भी ओरछा पहुंचेंगे।
सरकार की योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी
ओरछा में होने वाली बैठक के दौरान मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। करीब 400 नेताओं और अतिथियों के ठहरने के लिए अलग-अलग होटलों में व्यवस्था की जा रही है।

पाठको की राय