MP में पुलिस समेत 6 विभागों में अग्निवीरों का कोटा 20% करने की तैयारी
भोपाल
मध्य प्रदेश में अग्निवीरों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार अब पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में अग्निवीरों का आरक्षण 10% से बढ़ाकर 20% करने पर विचार कर रही है। मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल की अध्यक्षता में हुई हालिया उच्चस्तरीय बैठक में इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
इसके पहले सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने केवल 10 फीसदी कोटे का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन अब इस नीति पर नए सिरे से काम शुरू हो गया है।
किन विभागों में लागू होगा यह कोटा?
यह आरक्षण व्यवस्था हॉरिजॉन्टल रूप से लागू की जाएगी, जिसका लाभ हर श्रेणी के अभ्यर्थियों को मिलेगा। इसके तहत आने वाले प्रमुख विभाग हैं।
पुलिस विभाग
जेल विभाग
वन विभाग
आबकारी विभाग
परिवहन विभाग
होमगार्ड
भर्ती की समय-सीमा और तैयारी
अग्निवीरों का पहला बैच दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच अपना 4 साल का कार्यकाल पूरा करेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश सरकार जनवरी-फरवरी में नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू करने की योजना बना रही है। सामान्य प्रशासन विभाग अगले 1 से 2 हफ्तों में संशोधित प्रस्ताव तैयार कर लेगा, जिसे सितंबर या अक्टूबर के शुरुआती हफ्ते तक कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जा सकता है।

पाठको की राय